होशंगाबाद : विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवम्बर को होने वाले मतदान में जिले की चारो विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों को मिलाकर जिले के 8 लाख 55 हजार 911 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर जिले के 50 अभ्यर्थियों के भाग्य का फैसला करेंगे और चार विधायक चुनेंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के 27 सितम्बर को हुए अंतिम प्रकाशन के बाद छूट गये मतदाताओं के नाम जोड़ने की चली प्रक्रिया में प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के बाद कुल एक हजार 668 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किये गये। मतदाता सूची के 27 सितम्बर को हुए अंतिम प्रकाशन में कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 54 हजार 243 थी।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी केडी त्रिपाठी ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में पूरक मतदाता सूची को जोड़ दिये जाने के बाद 9 नवम्बर की स्थिति में अब जिले के कुल मतदाताओं की संख्या 8 लाख 55 हजार 911 हो गई है। इसमें 4 लाख 50 हजार 707 पुरूष, 4 लाख 5 हजार 164 महिला और 40 थर्ड जेंडर श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। गौरतलब है कि जिले के सिवनीमालवा और होशंगाबाद विधानसभा क्षेत्र से 14-14 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जबकि सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र से 13 तथा पिपरिया विधानसभा क्षेत्र से 9 प्रत्याशी चुनाव में अपना भाग्य आजमायेंगे।
जिले की सिवनीमालवा विधानसभा क्षेत्र में अब कुल 2 लाख 22 हजार 527 मतदाता हो गये हैं, इनमें एक लाख 16 हजार 736 पुरूष, एक लाख 5 हजार 785 महिला और 6 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्र होशंगाबाद में कुल 2 लाख 6 हजार 956 मतदाता हैं, इनमें एक लाख 8 हजार 134 पुरूष, 98 हजार 804 महिला और 18 थर्ड जेंडर मतदाता, विधानसभा क्षेत्र सोहागपुर में कुल 2 लाख 19 हजार 775 मतदाता हैं, इनमें एक लाख 16 हजार 854 पुरूष, एक लाख 2 हजार 914 महिला और 7 थर्ड जेंडर मतदाता है । विधानसभा क्षेत्र पिपरिया में कुल 2 लाख 6 हजार 653 मतदाता हैं, इनमें एक लाख 8 हजार 98 पुरूष, 97 हजार 661 महिला और 9 थर्ड जेंडर मतदाता सम्मिलित है ।
जिलें में पुरूषो की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या कम है। जिले के मतदाताओं का जेंडर रेशियों अर्थात लिंगानुपात 898.95 है। इसी प्रकार विधानसभा क्षेत्रों में होशंगाबाद का लिंगानुपात 913.72, सिवनीमालवा का 906.19, पिपरिया का 896.11 तथा सोहागपुर का 880.71 जेंडर रेशियों है।