होशंगाबाद : विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवम्बर को होने वाले मतदान से पूर्व सभी मतदाताओं को मतदाता फोटो युक्त पर्ची का वितरण बीएलओ के माध्यम से किया जाना है। तत्संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका दास ने जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे बीएलओ के माध्यम से मतदाता फोटो पर्ची वितरण का कार्यक्रम तैयार कर लें और उस कार्यक्रम की जानकारी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों, बूथ लेवल एजेंटो एवं निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों तथा एजेंटो को प्रदाय की जाये।

             कलेक्टर ने कहा कि यदि रिटर्निंग अधिकारी द्वारा उक्त कार्यक्रम की जानकारी संबंधित लोगो को नहीं दी गई है तो तत्काल कार्यक्रम तैयार कर इसकी जानकारी दी जाये। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिये कि समस्त बीएलओ को 18 नवम्बर तक मतदाता पर्ची व मतदाता रजिस्टर प्रदाय किया जाये तथा 19 नवम्बर से 23 नवम्बर के मध्य बीएलओ अपने मतदान केन्द्र के किस क्षेत्र में किस तिथि को मतदाता पर्ची का वितरण करेंगे उसका उल्लेख कर कार्यक्रम तैयार किया जाये और संबंधितो को जानकारी प्रदाय की जाये।

            जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी इस कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर प्रेस नोट भी जारी करें तथा की गई कार्यवाही से जिला निर्वाचन कार्यालय को 17 नवम्बर तक अवगत करायें। समस्त बीएलओ मतदाता पर्ची वितरण के उपरांत 23 नवम्बर को प्रात: 5 बजे मतदाता पर्ची वितरण की जानकारी मतदाता एएसडी सूची सहित जिला निर्वाचन कार्यालय को अनिवार्यत: भेजना सुनिश्चित करे l