भोपाल : मध्य प्रदेश चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आज अपना घोषणापत्र जारी करेगी l बीजेपी ने अपने घोषणापत्र को दृष्टि पत्र नाम दिया है l मध्य प्रदेश में चौथी बार सत्ता के लिए जोर लगा रही बीजेपी इस बार अपने एजेंडे में किन-किन मुद्दों को प्रमुखता देती है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी l बीजेपी का घोषणापत्र जारी करने के लिए वित्त मंत्री अरुण जेटली दिल्ली से भोपाल पहुंच गए हैं. अपने चुनावी भाषणों में सीएम शिवराज सिंह चौहान लगातार विकास के एजेंडे पर जोर दे रहे हैं l माना जा रहा है कि इस बार के घोषणापत्र में बीजेपी ने विकास, महिला और बेटी सुरक्षा, युवा, किसान जैसे मुद्दों पर फोकस किया है l
सीएम शिवराज सिंह चौहान घोषणापत्र जारी करने के बाद नीमच और मंदसौर में रैलियां करेंगे l बता दें कि पिछले साल मंदसौर किसानों के आंदोलन का केंद्र बन गया था. तब यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी आए थे l लिहाजा बीजेपी किसानों की मांगों को लेकर काफी सजग है. बीजेपी ने इस इलाके में चुनाव प्रचार के आखिरी चरण में पीएम मोदी की ताबड़तोड़ रैलियों का खाका तैयार किया है. बीजेपी का मानना है कि पीएम मोदी किसानों का मिजाज बीजेपी की ओर मोड़ने में सफल होंगे l