निर्वाचन में अजाक्स संगठन से जुड़े अधिकारी कर्मचारियों पर विशेष निगरानी की आवश्यकता, कलेक्टर खंडवा को हटाया जाए : त्रिवेदी

सपाक्स ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को की शिकायत

भोपाल। सपाक्स पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हीरालाल त्रिवेदी ने आज मुख्य निर्वाचन आयुक्त दिल्ली को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि प्रदेश में निर्वाचन कार्य में अजाक्स संगठन से जुड़े अधिकारी कर्मचारियों के कार्य में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कलेक्टर खंडवा का उदाहरण देते हुए कहा कि कलेक्टर के पक्षपातपूर्ण रवैए के कारण जिले के रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा सपाक्स के उम्मीदवारों को वायुयान चुनाव चिन्ह भरने पर आपत्ति ली गई और उन्हें सपाक्स पार्टी का उम्मीदवार नहीं माना गया। उन्होंने कलेक्टर खंडवा को तुरंत वहां से हटाने की भी मांग की।

श्री त्रिवेदी ने कहा कि मध्यप्रदेश में विधानसभा निर्वाचन 2018 की कार्रवाई में सपाक्स पार्टी, जो अब पंजीकृत राजनीतिक दल हो गया है, के द्वारा प्रदेश के अधिकांश विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी खड़े कर निर्वाचन में भाग लिया जा रहा है परन्तु यह देखा गया है कि प्रदेश के कुछ जिलों में निर्वाचन कार्य में लगे कुछ ऐसे अधिकारी कर्मचारी, जो अजाक़्स संगठन के पदाधिकारी/ सदस्य हैं और जो चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण पदों पर बैठे है, सपाक्स पार्टी के उम्मीदवारों को बिना किसी आधार के अनावश्यक नियम लगाकर परेशान कर रहे है ।

कुछ उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह पर आपत्ति ली गई है और उन्हें वायुयान चुनाव चिन्ह आवंटित नहीं किया जा रहा है।इस तरह की शिकायते इंदौर जिले से भी प्राप्त हो रही हैं ।श्री त्रिवेदी ने कहा कि ऐसा लगता है ऐसे अधिकारियों द्वारा की जा रही मनमानी को प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का भी मौन समर्थन प्राप्त है।