सिवनीमालवा: समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर प्रियंका दास ने निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अपने अपने मतदान केंद्र पर दिव्यांग व्यक्तियों का मतदान कराना बीएलओ का प्रथम कर्तव्य है । ततसंबंध में शासन द्वारा प्रदत सभी सुविधाएं मतदान केंद्र पर उपलब्ध कराई जाएंगी। उक्त बात कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी होशंगाबाद ने बीएलओ एवं दिव्यांग साथी की समीक्षा बैठक के दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल मांगलिक भवन मे कही।


मतदान केंद्र पर बीएलओ सहित एक-एक पुरुष व महिला दिव्यांग साथी से जानकारी भी प्राप्त करते हुऐ विकासखंड केसला की जानकारी अपडेट नहीं होने के कारण तहसीलदार इटारसी को निर्देश दिए और उनसे पूछा कि पुरुष दिव्यांग साथी ने दिव्यांग पुरुष मतदाताओं से एवं महिला दिव्यांग साथी ने महिला दिव्यांग मतदाताओं से संपर्क किया है या नहीं। दोनों श्रेणी के साथियों ने अपनी अपनी श्रेणी के मतदाताओं से उनके मोबाइल नंबर लिए या नहीं। इसके अलावा जहां गलतियां मिली वहां के बीएलओ को फटकार भी लगाई ।


कलेक्टर ने साफ़ तौर से कहा दिव्यांग मतदाताओं व अक्षम बुजुर्ग मतदाताओं को किसी भी प्रकार से कोई कष्ट मतदान केंद्र तक आने एवं वोटिंग में ना हो इस बात का विशेष रुप से ध्यान रखा जाए। जिस मतदान केंद्र पर अधिक दिव्यांग मतदाता है वहां प्रेक्षक रहेंगे। मतदान केंद्र पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी रहेगी सिवनी ब्लॉक के कई बीएलओ एवं दिव्यांग साथी द्वारा सही जानकारी देने पर उनकी प्रशंसा भी की गई ।

बुजुर्ग मतदाताओं की जानकारी ली

कलेक्टर प्रियंका दास ने दिव्यांग साथियों एवं बीएलओ से दिव्यांग मतदाता एवं 80 वर्ष से अधिक एवं 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के संबंध में मतदान केंद्र वार जानकारी ली ।

पिंक बूथ के बारे में भी पूछा

जिला कलेक्टर ने जो पिंक बूथ बनाए हैं उनके बारे में भी बीएलओ एवं दिव्यांग साथियों से चर्चा की । यह भी बताया गया कि पिंक मतदान केंद्र पर पीठासीन अधिकारी एवं समस्त मतदान अधिकारी महिला ही रहेंगी। तथा पुलिस बल से शामिल कर्मचारी भी महिला ही होगी।


सरदार वल्लभभाई पटैल मांगलिक भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में रिटर्निग अधिकारी रवि शंकर राय, तहसीलदार दिनेश सावले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दीपक राय, सीईओ जनपद पंचायत रीना चौहान, मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार प्रमेश जैन आदि अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी बैठक में उपस्थित रहे ।