जबलपुर : अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर सोमवार को रोडक्रास सोसायटी द्वारा संचालित निराश्रित वृद्धाश्रम में म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृहद सामाजिक व विधिक शिविर का आयोजन किया गया।
पूर्व के शिविर में देखी गयी समस्याओं व मांग को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण द्वारा वृद्धजनों को विभिन्न प्रकार के दो हजार मिट्टी के दिये, पेन्ट (कलर) ब्राश इत्यादि प्रदान किये गये ताकि उस पर कलर व चित्रकारी कर उसे जेल विभाग सहित विभिन्न माध्यमों से बाजार में बेचा जा सके। इससे न केवल वृद्धाश्रम में उनका समय बीतेगा बल्कि उन्हें कुछ आय भी प्राप्त होगी। प्राधिकरण के सदस्य सचिव विजय चन्द्र के अलावा उप सचिव डी.के. सिंह, जिला विधिक सेवा अधिकारी एस.पी. पाण्डे एवं अन्य ने इस विशेष अवसर पर वृद्धजन के साथ काफी समय बिताया।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर शासन के जेल विभाग ने सक्रिय भागीदारिता करते हुए वृद्धजन के खाली समय में उनके द्वारा उनकी पसंद का विशिष्ट कार्य करने के संबंध में जानकारी और विशेषज्ञ राय प्रदान की। जेल अधीक्षक जबलपुर गोपाल ताम्रकार ने वृद्धजन से पृथक-पृथक सम्पर्क कर उनके बीच फल भी वितरित किए। इस तरह से आज म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर व केन्द्रीय जेल जबलपुर द्वारा संयुक्त रूप से नायाब पहल करते हुए वृद्धजन के खाली समय के बेहतर इस्तेमाल करने, उन्हें व्यस्त रखने और उनकी कुछ आय अर्जित करने के संबंध में सार्थक पहल की है।