होशंगाबाद : सतपुड़ा टाईगर रिजर्व एवं वन वृत्त होशंगाबाद द्वारा 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत लोगो में जागरूकता एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में आज वन्यप्राणी सप्ताह के शुभारंभ अवसर पर स्कूली बच्चो एवं वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ एसके सिंह क्षेत्र संचालक सतपुड़ा टाईगर रिजर्व द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। रैली के बाद उपस्थित लोगो को वन्यप्राणी संरक्षण के लिए शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर सतपुड़ा टाईगर रिजर्व के उप संचालक श्री पीके वर्मा, एसएनजी स्कूल के उप प्राचार्य श्री यदुवंशी, अन्य स्कूलो के शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं वन विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से नेहरू पार्क में मेरा प्रिय वन्यप्राणी, मेरा प्रिय पक्षी, मेरी प्रिय तितली विषय पर अलग-अलग तीन वर्गो में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है जिसमें कक्षा 5 से लेकर कक्षा 12 वीं तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। 3 अक्टूबर को विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा इसमें भी कक्षा 5 से 12 वीं तक के बच्चे भाग ले सकेंगे। 4 अक्टूबर को प्रात: 6 बजे से 8 बजे तक हर्बल पार्क होशंगाबाद में पक्षी एवं तितली अवलोकन शिविर का आयोजन किया जायेगा। 5 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से 12 बजे तक वन्यप्राणी संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के संदर्भ में एसएनजी विद्यालय के सभागार में रंगोली बनाई जायेगी। 6 अक्टूबर को प्रात: 10 बजे से एसएनजी स्कूल सभागार में वन्यप्राणी संरक्षण संबंधी फिल्म का प्रदर्शन किया जायेगा। वन्यप्राणी सप्ताह के अंतिम दिन 7 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से एसएनजी स्कूल के सभागार में तात्कालिक क्विज प्रतियोगिता, पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह रहेगा।