भोपाल : एट्रोसिटी एक्ट के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे सपाक्स ने सियासत के अखाड़े में बीजेपी-कांग्रेस को चुनौती दे दी है l भोपाल में महाक्रांति रैली के दौरान सपाक्स ने दो अक्टूबर को अपनी पार्टी को लॉन्च करने का ऐलान किया है l साथ ही ये दावा किया है कि सवर्ण समाज के साथ-साथ ओबीसी वर्ग के कई संगठन भी उनके साथ हैं l
एट्रेसिटी एक्ट के खिलाफ झंडा बुलंद किए सामान्य पिछड़ा वर्ग कर्मचारी संघ यानि सपाक्स ने राजधानी भोपाल में शक्ति प्रदर्शन कर सियासी दलों को सीधी चुनौती दी है l सपाक्स ने ऐलान किया है कि आने वाली गांधी जयंती यानि 2 अक्टूबर को औपचारिक रूप से सपाक्स पार्टी की लॉन्चिंग कर दी जाएगी l सपाक्स चुनाव से पहले घर घर जाकर अपने लिए समर्थन भी मांगेगा l
जातिगत भेदभाव को खत्म करने व समानता के अधिकार की मांग को लेकर सपाक्स समाज संस्था (सामान्य, पिछड़ा, अल्पसंख्यक कल्याण समाज संस्था) ने महाक्रांति रैली निकाली। इसमें शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पहुंचे। बड़ी संख्या में रैली में पहुंचे लोगों को देखकर पुलिस को अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ी। इंदौर, खरगोन और धार से महिला और पुरुष काले कपड़े पहनकर आए। करणी सेना की महिलाएं राजस्थानी परिधान में रैली में पहुंची। यहां कार्यक्रम का मैदान चार पहियां वाहनों से भर गया है। पूरे पांडाल में बड़ी संख्या में लोग जमा थे ।