होशंगाबाद : कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका दास ने जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को सुगम मतदान करने के लिए मतदान केन्द्रों में सभी जरूरी इंतजाम किये जायें। उन्होंने इसके लिए राजनैतिक दलो से असंबद्ध समाज सेवियों और सामाजिक संगठनो के पदाधिकारियों से सक्रिय सहयोग और भागीदारी का आव्हान किया। जिले में एक अक्टूबर से एक सप्ताह तक विशेष दिव्यांग मतदाता जागरूकता सप्ताह मनाने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिये।

            इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ पीसी शर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी आदित्य रिछारिया, उप संचालक सामाजिक न्याय प्रमिला वाईकर, अनुविभागीय दंडाधिकारी होशंगाबाद वृदांवन सिंह, सोहागपुर के ब्राजेश सक्सेना, सिवनीमालवा के आरएस राय और पिपरिया के आरएस बघेल के अलावा सभी जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सामाजिक संगठनो के पदाधिकारी व समाजसेवी मौजूद थे।

          कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान हेतु अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाना है। दिव्यांग मतदाताओं और मतदान केन्द्रों का चिन्हीकरण कार्य प्राथमिकता से किया जाये। उनका संपर्क नम्बर भी लिया जाना जरूरी है। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि वे दिव्यांग मतदाताओं के लिए मतदान केन्द्र स्तर पर वीवीपैट (वेरीफायवल वोटर ऑडिट ट्रेल मशीन) के माध्यम से स्वीप गतिविधियां संचालित करें। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं के सघन सर्वे कार्य पर जोर देते हुए कहा कि हर दिव्यांग मतदाता के लिए वॉलेन्टियर के चयन और मतदान केन्द्र तक लाने और वापस घर पहुँचाने के लिए घर से घर तक की वाहन सुविधा मुहैया कराने की भी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। बताया गया कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान हेतु प्रोत्साहित करने पहली बार जिला स्तर पर व विधानसभावार समिति का गठन किया गया है। समिति में  व्यक्ति, संस्था या समाजसेवी जो व्हील चेयर, बैसाखी या अन्य किसी प्रकार से दिव्यांगो की मदद करना चाहेगा उसे किसी भी राजनैतिक दल से असंबद्धता संबंधी अंडर टेकिंग देना होगी। 
         कलेक्टर ने कहा मतदान केन्द्रों में दिव्यांगो को मूलभूत सुविधाएं देने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नही की जायेगी। कलेक्टर ने मतदान केन्द्र का रास्ता निर्माण, रैम्प निर्माण व व्हील चेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने की हिदायत भी दी। जिला स्तर व विधानसभावार दिव्यांग ऑइकॉन चिन्हित कर मतदान हेतु प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाना है, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांग मतदाता बिना संकोच व झिझक के मतदान कर सकें। दिव्यांग मतदाताओं को उनकी चिन्हित नि:शक्तता के आधार पर मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी जायेगी। इसके तहत दृष्टि बाधित दिव्यांग को श्रव्य माध्यम से, श्रवण बाधित दिव्यांग को दृश्य माध्यम व साइन लैंग्वेज एवं कम्यूनिकेशन बोर्ड द्वारा मतदान करने की जानकारी मुहैया कराई जायेगी। 

       दिव्यांग मतदाताओं को पंक्ति रहित मतदान की सुविधा दी जायेगी। कलेक्टर ने दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा की दृष्टि से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी मोबाइल एप सुगम्य को प्रभावी ढंग से लागू करने की हिदायत दी। साथ ही दृष्टिबाधित मतदाताओं को वॉयस एसएमएस की सुविधा भी मुहैया कराये जाने के संबंध में कार्यवाही करने कहा गया।