पिपरिया : प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को पिपरिया कृषि उपज मंडी में आयोजित किसान महासम्मेलन में प्रदेश के 9 लाख 48 हजार किसानो के बैंक खातो में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना की प्रोत्साहन राशि 853 करोड़ रूपए सिंगल क्लिक कर  अंतरित की। मुख्यमंत्री ने होशंगाबाद जिले के 41 हजार 354 किसानो के बैंक खातो में 62 करोड़ 51 लाख रूपए की किसान समृद्धि योजना की प्रोत्साहन राशि आरटीजीएस के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने चना के 14 हजार 573 किसानो के बैंक खातो में 4 करोड़ 88 लाख रूपए, मसूर के 187 किसानो के बैंक खातो में 374 लाख, सरसों के 93 किसानो के बैंक खातो में 181 लाख रूपए तथा मूंग के 26 हजार 501 किसानो के बैंक खातो में 57 करोड़ 7 लाख रूपए की राशि आरटीजीएस के माध्यम से  अंतरित की।

            इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिपरिया में 8 करोड़ 24 लाख रूपए के 5 कार्यो का लोकार्पण किया तथा 19 करोड़ 65 लाख रूपए के 15 कार्यो का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर किसानो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश शासन ने भावांतर भुगतान एवं फसल बीमा की राशि किसानो को दी है। प्रदेश के किसानो के बैंक खातो में 32 हजार 701 करोड़ रूपए की राशि जमा कराई गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन ने पिछली बार धान में 200 रूपए एवं गेहूं में 265 रूपए प्रति क्विंटल की प्रोत्साहन राशि दी थी। इस वर्ष भी यह प्रोत्साहन राशि किसानो को दी जायेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम खेती की लागत घटायेंगे इसके लिए खेती में नई तकनीक का उपयोग किया जायेगा। जैविक खेती एवं यूनिक खेती को बढ़ावा दिया जायेगा। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी पात्र हितग्राहियों को वर्ष 2022 तक पक्का मकान बनाकर दिया जायेगा। आयुष्मान योजना में लोगो का नि:शुल्क उपचार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन ने शिक्षकों का वेतन दुगना करने का कार्य किया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि उनका लक्ष्य है कि प्रदेश में 40 से 80 लाख हैक्टेयर में सिंचाई की सुविधा मुहैया कराई जाये। 

          मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व दीप प्रज्जवलन कर किसान महासम्मेलन का शुभारंभ किया। उन्होंने सपत्नीक कन्या पूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत मयूर डाबर को डिजीटल लांड्री के लिए 24 लाख रूपए का ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने नीरज साहू को हैंडलूम शॉप हेतु 7 लाख रूपए की राशि का ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र दिया। 

        किसान महासम्मेलन में विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने किसानो को करोड़ो की राशि प्रदान करने पर मुख्यमंत्री चौहान को धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में जो कृषि उत्पादन होता है उसमें 25 प्रतिशत योगदान होशंगाबाद जिले का होता है। जिले की 50 प्रतिशत मूंग पिपरिया में ही उत्पादित होती है। किसान महासम्मेलन में प्रभारी मंत्री जालमसिंह पटेल, सांसद राव उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, मध्यप्रदेश सिविल सप्लाईज कारर्पोरेशन के अध्यक्ष हितेष वाजपेई, मध्यप्रदेश खनिज विकास निगम के अध्यक्ष शिव चौबे, श्रीमती साधना सिंह, सहकारी बैंक के अध्यक्ष भरतसिंह राजपूत, पूर्व विधायक हरिशंकर जायसवाल, नगर पालिका होशंगाबाद के अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल उपस्थित रहे।