भोपाल : गाँधी जयंती के अवसर पर प्रदेश में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक मद्य निषेध सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्रति वर्ष की भांति गाँधी जयंती 2 अक्टूबर से आयोजित मद्य निषेध सप्ताह में समाज में मद्यपान, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों/ द्रव्यों के दुष्परिणामों से छात्र-छात्राओं और समाज को अवगत कराया जाता है। सप्ताह में शासन के शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण, महिला-बाल, परिवहन, पुलिस, खेल एवं युवक कल्याण, स्कूल शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग और स्थानीय संस्थाओं द्वारा जन-जागृति के कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं। इस कार्य में स्वयंसेवी संगठनों से भी सहयोग प्राप्त किया जायेगा।