होशंगाबाद : भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को झारखंड की राजधानी रांची से प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान योजना) का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवार और लगभग 50 करोड़ व्यक्ति इस योजना के दायरे में आयेंगे। देश के 15 हजार अस्पतालो में पात्र व्यक्तियों का निशुल्क ईलाज किया जायेगा। हर पात्र व्यक्ति को साल में 5 लाख रूपए तक का ईलाज निशुल्क रहेगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से समाज के आखरी पक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
होशंगाबाद जिले में जिला चिकित्सालय में मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान योजना) का शुभारंभ किया। बताया गया कि इस योजना से होशंगाबाद जिले के एक लाख 30 हजार परिवारो को निशुल्क ईलाज की सुविधा प्राप्त होगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने कहा कि इस योजना से अब प्रदेश की आधी आबादी को कवर कर रहे हैं। अब तक 307 प्रकार की बीमारी चिन्हित की गई है जिसका ईलाज जिला चिकित्सालय एवं प्रायवेट चिकित्सालयों में किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना में पात्र व्यक्तियों का 5 लाख रूपए तक का इंश्योरेंस किया जायेगा। इंश्योरेंस की प्रीमियम राशि मध्यप्रदेश शासन भरेगी इसलिए इस योजना को संबल योजना से जोड़ा गया है। डॉ.शर्मा ने कहा कि समाज का एक बड़ा वर्ग स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रह गया था लेकिन अब उस वर्ग को भी इस योजना के तहत लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सुख यह है कि हम निरोगी रहें। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान मरीज को प्रायवेट अस्पतालों में रैफर करने की आवश्यकता न रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी को धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने यह योजना बनाकर गरीबो का कल्याण किया है। डॉ.शर्मा ने कहा कि हमारा प्रदेश धीरे-धीरे निरामय हो रहा है और जल्द ही प्रदेश धीरे-धीरे रोग मुक्त भी हो जायेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की इस योजना के तहत जो भी व्यक्ति अपना उपचार कराने आयेगा वह स्वस्थ्य होकर जायेगा।
इस अवसर पर डॉ.शर्मा ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य के अंतर्गत गोल्डन ई कार्ड का वितरण हितग्राहियों को किया। उन्होंने बसंती बाई, बसंत कुमार, श्रीमती कविता कौचर, श्रीमती ब्राजलता, रोहित कुमार, श्रीमती अलका चौरसिया, श्रीमती श्रृद्धा उमरे, श्रीमती सावित्री बाई इत्यादि को कार्ड वितरित किये। इस कार्ड में पांच लाख रूपए तक का इंश्योरेंस हैं तथा 5 लाख रूपए की राशि का केशलेस उपचार निशुल्क है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब केन्द्रित एक महत्वपूर्ण योजना बनाई है। स्वस्थ्य जीवन के लिए साल में 5 लाख रूपए तक की राशि एक बहुत बड़ी राशि है। मरीज को यह स्वतंत्रता है कि वह जहां चाहे अपना उपचार करा सकता है। सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने समाज एवं आम जनता के लिए जो कहा वो किया। करोड़ो लोगो को आयुष्मान योजना से ईलाज में सुविधा होगी। यह योजना उन गरीब व्यक्तियों के लिए वरदान है जो अपना ईलाज नही करा पाते हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जेएस आवासिया ने बताया कि प्रधानमंत्री आरोग्य योजना से संबल के हितग्राहियों को भी जोड़ा गया है। सिविल सर्जन डॉ.सुधीर डेहरिया ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि आयुष्मान योजना में मरीज के ईलाज का खर्च इंश्योरेंस कंपनी अस्पतालों को देगी। उन्होंने कहा कि 72 ऐसी बीमारियां है जिनका उपचार जिला चिकित्सालय एवं निजी चिकित्सालयों में कराया जा सकता है। इससे पूर्व डॉ.सीताशरण शर्मा ने जिला चिकित्सालय में स्थित कियोस्क सेंटर का अवलोकन किया। बताया गया कि जिले में 300 व्यक्तियों का पंजीयन आयुष्मान योजना के तहत किया गया है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, अपर कलेक्टर केडी त्रिपाठी, पीयूष शर्मा, अजय रतनानी, हंस राय, प्रकाश शिवहरे, महेश चौकसे, डीएचओ डॉ.नलनी गौड़, डॉ.सुनीता कामले, डॉ.अरूण श्रीवास्तव, डॉ.शैलेन्द्र शुक्ला, जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद थे।