By Administrator · 24-Sep-2018
होशंगाबाद : मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने आज रविवार को भोपाल-इटारसी सेक्शन के 759/6-8 लेवल क्रासिंग क्रमांक 231 डबल फाटक पर बनने वाले साढ़े 33 करोड़ के रेलवे ओव्हर ब्रिज के निर्माण कार्य का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल, पूर्व मंत्री मधुकरराव हर्णे, राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य हरिशंकर जायसवाल, शंभू सिंह भाटी, सहकारी बैंक के अध्यक्ष भरतसिंह राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष संगीता सोलंकी, पीयूष शर्मा, संध्या थापक, हंस राय, प्राशू राने, मनोहर बडानी, सेतु निगम के चीफ इंजीनियर अखिलेश उपाध्याय, सेतु निगम के एके सिंह, अधीक्षण यंत्री मुकेश निगम, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ पीआर कनाते, पार्षदगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन ने बहुत पहले ही ओव्हर ब्रिज के लिए 23 करोड रूपए की राशि स्वीकृत की थी। केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से समय लेकर उन्हें अवगत कराया गया कि राज्य शासन ने 23 करोड़ की राशि स्वीकृत की है। ओव्हर ब्रिज आप बना दें या हमें बनाने दें। गडकरी ने राज्य शासन को ओव्हर ब्रिज बनाने के लिए एनओसी दी। एनओसी लेकर रेल मंत्री पीयूष गोयल के पास गये। उन्होंने रेलवे की तरफ से ब्रिज बनाने का टेंडर निकाला, राज्य शासन ने भी अपनी ओर से टेंडर निकाला।
डॉ.शर्मा ने कहा कि ब्रिज निर्माण का कार्य 18 माह में पूरा हो जायेगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश शासन ने नसीराबाद, हथनापुर एवं अन्य स्थानो पर ओव्हर ब्रिज बनाए हैं। पवारखेड़ा-बुधवाड़ा मार्ग 1 करोड़ 14 लाख रूपए की राशि से बनाया जायेगा। शासन ने आज गांव-गांव में सड़के बनाई हैं। सभी गांव सड़को से जुड़ गये हैं। उन्होंने ओव्हर ब्रिज के लिए सेतु निगम एवं सभी संबंधित लोगो के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
उल्लेखनीय है कि रसूलिया डबल फाटक पर बनने वाले इस रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण के लिए मध्य प्रदेश शासन ने 23.23 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत की है। रेलवे लाइन के उपर निर्मित होने वाले ब्रिज का निर्माण रेलवे विभाग द्वारा किया जायेगा जिस पर अनुमानित 10 करोड़ रूपए का वित्तीय भार आयेगा जो मध्य प्रदेश शासन द्वारा स्वीकृत राशि के अतिरिक्त होगा। यह अतिरिक्त व्यय भार रेलवे विभाग द्वारा वहन किया जायेगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ओव्हर ब्रिज का निर्माण 18 माह में पूर्ण हो जायेगा। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाएं तेज गति से पूरी हो रही हैं। राज्य अंत्योदय समिति के सदस्य हरिशंकर जायसवाल ने कहा कि लंबे समय से ओव्हर ब्रिज की मांग की जा रही थी। यह असंभव कार्य था जो अब संभव होने जा रहा है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मधुकरराव हर्णे ने भी उपस्थित लोगो को संबोधित किया। इसके पूर्व सेतु निगम के चीफ इंजीनियर अखिलेश उपाध्याय ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि ओव्हर ब्रिज के निर्माण से होशंगाबाद एवं इटारसी की वर्षो से लंबित समस्याओं का निराकरण हो सकेगा। आवागमन बगैर किसी बाधा के निरन्तर जारी रह सकेगा। उन्होंने बताया कि ब्रिज की लंबाई होशंगाबाद की ओर 140 मीटर, हरदा की ओर 160 मीटर, इटारसी की ओर 122 मीटर एवं जक्शन की ओर 42.50 मीटर रहेगा। रेलवे के हिस्से की लंबाई 71.20 मीटर, रेलवे ओव्हर ब्रिज की चौड़ाई 8.40 मीटर रहेगी तथा ओव्हर ब्रिज के दोनो ओर 12.80 मीटर सर्विस रोड का निर्माण किया जायेगा।