रायसेन : लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह सिलवानी विधानसभा क्षेत्र में 60 करोड़ रूपए के विकास एवं निर्माण कार्यो का शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने अनेक हितग्राहियों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्षन तथा किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए।

          इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री श्री रामपाल सिंह ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के समग्र विकास और कल्याण के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत हितग्राहियों तथा उनके परिवार को निःशुल्क ईलाज, निःशुल्क शिक्षा, कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री बकाया बिजली बिल माफी योजना के तहत कमजोर वर्ग के बकाया बिजली बिल माफ कर उन्हें 200 रूपए प्रतिमाह के फ्लेट रेट पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

         लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया गया है। यह किसानों की मेहनत और प्रदेश सरकार की कृषि नीतियों का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश को लगातार कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है। आज प्रदेश में किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा खाद-बीज की खरीद पर 10 प्रतिशत सब्सिडी भी दी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का भी उल्लेख किया। 

इन विकास एवं निर्माण कार्यो का किया शिलान्यास

       लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने सिलवानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फुलमार में लोक निर्माण विभाग द्वारा 13 करोड़ 76 लाख रूपए से स्वीकृत चंदन पिपलिया, प्रतापगढ़ मार्ग से जूना रैपुरा तेंदूखेड़ा फुलमार-जबलपुर बेरखेड़ी मार्ग, ग्राम गुंदरई में 54 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत गुदरई पिपलिया-खास मार्ग का शिलान्यास किया। इसी प्रकार ग्राम रायपानी में लोक निर्माण विभाग द्वारा 18 करोड़ 41 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत बरिया-मरहेठी-रायपानी-ककरूआ-नारायणपुरपापड़ा समनापुर जौहर मार्ग का, रायपानी ककरूआ मार्ग पर तेदोनी नदी पर 4 करोड़ 48 लाख रूपए से स्वीकृत पुल निर्माण कार्य का तथा 2 करोड़ 92 लाख रूपए से स्वीकृत ककरूआ नारायणपुर मार्ग संयोगनी नदी पर बनने वाले पुल का भूमिपूजन किया। 

     लोक निर्माण मंत्री सिंह ने ग्राम सेमरा खास में लोक निर्माण विभाग द्वारा 19 करोड़ 13 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत टड़ा खामरिया खुर्द सरखड़ी-खैरीखोदरा बसा-सेमरा खास मार्ग का, लोक निर्माण विभाग द्वारा 45 लाख रूपए से स्वीकृत घोघरी से महुआ खेड़ा तिगड्डा मार्ग तेदोनी नदी पर रपटा निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।