नरसिंहपुर :  भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ जिले में 23 सितम्बर को किया जायेगा। इस योजना की शुरूआत 23 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा झारखंड के रांची से की जायेगी। जिला मुख्यालय पर आयुष्मान भारत योजना का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। गुरूवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर अभय वर्मा ने आयुष्मान भारत योजना के जिला स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये।

              बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना जिले में पायलेट योजना के रूप में क्रियान्वित की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना में पात्र परिवार के सदस्यों/ असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को अस्पताल में इलाज कराने का खर्च नहीं देना होगा। ये परिवार 5 लाख रूपये तक का इलाज प्रति वर्ष मुफ्त में करा सकेंगे।

             कलेक्टर ने जिले में जननी एक्सप्रेस एवं एम्बुलेंस 108 के वाहनों की उपलब्धता की जानकारी ली। कलेक्टर को बताया गया कि जिले में 13 जननी एक्सप्रेस और 9 एम्बुलेंस 108 वाहन उपलब्ध हैं। जिले में 28 डिलेवरी प्वाइंट हैं। कलेक्टर ने कहा कि आवश्यकता वाले सभी डिलेवरी प्वाइंट पर जननी एक्सप्रेस उपलब्ध रहना चाहिये। इस संबंध में आवश्यकतानुसार जननी एक्सप्रेस के प्रस्ताव भिजवाये जावें।

            कलेक्टर ने मुख्यमंत्री श्रमिक सेवा प्रसूति सहायता योजना, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण एवं परिवार कल्याण कार्यक्रम में प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने नसबंदी शिविर लगाने पर जोर दिया।

            जिले में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 107 प्रतिशत, राष्ट्रीय अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आईओएल ऑपरेशन में 120 प्रतिशत, राष्ट्रीय मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत रक्त पट्टिका संग्रह में 96 प्रतिशत, संपूर्ण टीकाकरण में 77 प्रतिशत, एएनसी रजिस्ट्रेशन में 69 प्रतिशत, आरएनटीसीपी स्पुटम परीक्षण में 98 प्रतिशत, पोषण पुनर्वास केन्द्रों में बेड आक्यूपेंसी में 102 प्रतिशत और आरबीएसके कार्यक्रम में 86 प्रतिशत उपलब्धि बैठक में बताई गई। कम उपलब्धि वाले विकासखंडों में प्रगति लाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।

          बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनीता अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. विजय मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी एकीकृत बाल विकास सेवा श्वेता जाधव, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी अरूण प्रताप सिंह निरंजन, खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद थे।