पवारखेड़ा : कृषि महाविद्यालय में नव निर्मित शिक्षण कक्षो का लोकार्पण मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा द्वारा किया गया। लोकार्पण अवसर पर डॉ.शर्मा ने कहा कि यह कृषि महाविद्यालय होशंगाबाद जिले के लिए एक सौगात है। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र द्वारा किसानो को नित नई तकनीको के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। होशंगाबाद को कृषि के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में कृषि महाविद्यालय का अहम योगदान है।
उन्होंने कहा कि नव निर्मित कक्षो से कृषि महाविद्यालय में पढ़ने वाले बच्चो को सुविधाएं उपलब्ध होगी। डॉ.शर्मा ने कहा कि आज हमें जय जवान, जय किसान के साथ-साथ जय विज्ञान भी कहने की आवश्यकता है। वैज्ञानिक पद्धतियों का उपयोग कर किसान अपनी फसल की पैदावार बढ़ा सकते हैं एवं कृषि के द्वारा कई गुना लाभ कमा सकते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत के अध्यक्ष कुशल पटेल ने कहा कि पवारखेड़ा स्थित अनुसंधान केन्द्र एवं कृषि महाविद्यालय हमारे लिए गौरव की बात है। यहां के वैज्ञानिको द्वारा निरन्तर किसानो को मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर प्रियंका दास ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से कहा कि आप लोगो को कृषि का परिदृश्य बदलने में अपना योगदान देना है। आप सब लोग कृषि वैज्ञानिक बनने जा रहे हैं तथा आपके उपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। आप लोगो के माध्यम से विज्ञान खेती का अहम अंग बनेगा और किसानो के लिए खेती लाभ का धंधा बन पायेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने पाठ¬क्रम को अच्छे से पढ़ने के साथ ही प्रायोगिक शिक्षा भी लें। फील्ड पर जाकर किसानो से चर्चा कर उनकी समस्याओं को भी जाने।
इस अवसर पर कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता पीसी मिश्रा ने बताया कि पवारखेड़ा में स्थित अनुसंधान केन्द्र देश में गेहूं का सबसे पुराना अनुसंधान केन्द्र है। 1903 से अब तक गेहूं की 52 किस्में यहां विकसित की जा चुकी है। यही नही अनुसंधान केन्द्र द्वारा गेहूं की एमपी 01255 किस्म पास्ता, नूडल्स आदि फास्ट फूड बनाने के लिए विशेष तौर पर विकसित की गई है। इस अवसर पर गेहूं के जीन बैंक का भी उद्घाटन किया गया। उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि गेहूं के सबसे अधिक जीन की किस्में पूरे देश में पवारखेड़ा में ही उपलब्ध है। कार्यक्रम में आत्मा परियोजना के अंतर्गत जिला स्तरीय खरीफ कृषक वैज्ञानिक विस्तार कार्यकर्ता इंटर फेस के अंतर्गत परिचर्चा भी आयोजित की गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्व विद्यालय जबलपुर के कुलपति डॉ.प्रदीप कुमार बिशेन, संयुक्त संचालक कृषि बीएल बिलैया, पीयूष शर्मा, महाविद्यालय के प्राध्यापक गण, छात्रगण एवं किसान उपस्थित रहे।