रायसेन : वन मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार ने रायसेन के नरपुरा में 22 लाख रूपए की लागत से तथा ग्राम कोटरा में 22 लाख रूपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने ग्राम नीमखेड़ा में तीन लाख रूपए की लागत से तथा गुदावल जोड़ पर तीन लाख रूपए की लागत से बनने वाले यात्री प्रतीक्षालय का भूमिपूजन किया। उन्होंने ग्राम कुरावत में नवनिर्मित सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया। वन मंत्री डॉ. शेजवार ने ग्राम नीमखेड़ा तथा कुरावत में पट्टे भी वितरित किए।

          इस अवसर वन मंत्री डॉ. शेजवार ने कहा कि इन सामुदायिक भवन के बन जाने के बाद लोगों को विवाह एवं अन्य सांस्कृतिक, सामाजिक गतिविधियों को आयोजित करने के लिए भवन उपलब्ध हो जाएंगे। इसके साथ ही यात्री प्रतीक्षालयों के बन जाने से यात्रियों को बैठने के लिए उपयुक्त स्थान मिल जाएगा, जहां आराम से बैठकर वह वाहनों की प्रतीक्षा कर सकेंगे। 

        वन मंत्री डॉ. शेजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान लोगों के कल्याण के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने गरीबों की चिंता करते हुए उनके लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना प्रारंभ की है। इस योजना से कमजोर तबके के लोगों के कल्याण के साथ ही उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी मिली है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत कमजोर वर्ग की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने साथ ही निःशुल्क ईलाज, शिक्षा सहित अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। ताकि कमजोर वर्ग का व्यक्ति अपनी आमदानी को जोड़कर आर्थिक स्थिति बेहतर कर सके। उन्होंने कहा कि मॉ और शिशु स्वस्थ्य हों, इसके लिए प्रसूति सहायता योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 16 हजार रूपए की राशि दो किस्तों में प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि विपदा के समय में संबल योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी मददगार साबित हो रही है।

      वन मंत्री डॉ. शेजवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने गरीबों की चिंता करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना प्रारंभ की है। इस योजना के तहत गरीबों के स्वयं के पक्के मकान के सपने को साकार किया जा रहा है। आज शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सबसे मकान मध्यप्रदेश में बनाए जा रहे हैं। इस योजना में 60 प्रतिशत राशि केन्द्र सरकार द्वारा तथा 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। वन मंत्री ने कहा कि गरीब माताओं-बहनों को धुएं की घुटन तथा उससे होने वाली बीमारियों से बचाने के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्षन प्रदान किए जा रहे हैं।