भोपाल : खबर आ रही है कि आगामी ३० सितम्बर को सपाक्स महारैली का आयोजन करने जा रहा है l जानकारी के अनुसार एससी/एसटी एक्ट, पदोन्नति में आरक्षण, एवं जातिगत आरक्षण के विरोध में सपाक्स समाज एवं सपाक्स युवा संगठन के तत्वावधान में भोपाल के कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड में महारैली का आयोजन किया जा रहा है l सपाक्स के अनुसार इस महारैली में देशभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुँचने की उम्मीद है l 

          बतादें कि सवर्ण, ओबीसी और अल्पसंख्यकों का संगठन सपाक्स का सम्मेलन 30 सितंबर को भोपाल में होना है। लेकिन इसके स्थान को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए कलियासोत का ग्राउंड दिया है जो शहर से 12 किमी दूर है। जबकि अजाक्स को अपने सम्मेलन के लिए टीटी नगर दशहरा मैदान दिया गया था। भाजपा का सम्मेलन जंबूरी में हो रहा है जबकि कांग्रेस का सम्मेलन भेल दशहरा मैदान में हुआ था। सपाक्स ने सवाल उठाया है कि क्या मैदानों का भी आरक्षण हो गया ?

         सवर्ण और ओबीसी के कार्यक्रमों में लाखों की भीड़ इकठ्ठी हो रही है। पिछले दिनों उज्जैन में हुए कार्यक्रम और उसके भीड़ की चर्चा राजनीतक हल्कों में जबर्दस्त हो रही है। ओबीसी और सवर्ण संगठनों का कहना है कि प्रशासन ने भाजपा के इशारे पर शहर से दूर ग्राउंड दिया है।