नई दिल्ली : नेपाल के बाद अब थाईलैंड ने भी भारत को तगड़ा झटका दिया है। थाईलैंड ने बिम्सटेक के पहले सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, थाईलैंड सरकार ने भारत को बताया कि वह सैन्य अभ्यास में भाग लेने में सक्षम नहीं है। 

             जानकारी के मुताबिक थाईलैंड के रक्षा मंत्रालय ने 27 अगस्त को ही भारत के रक्षा मंत्रालय को अपने फैसले से अवगत करा दिया था। थाई रक्षा मंत्रालय ने बजट की कमी की वजह से सैन्य अभ्यास में भाग लेने से इनकार किया है।

             आम तौर पर थाई रक्षा बल द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सैन्य अभ्यास में जरूर भाग लेते हैं, लेकिन इसके लिए वो एक साल पहले ही योजना बनाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, फंड पहले से आवंटित किए जाते हैं ताकि सैन्य अभ्यास आयोजित किये जा सकें। थाईलैंड की प्रणाली में विदेशों में इस तरह के अभ्यास की योजना आखिरी मिनट में नहीं बनाई जा सकती है।

             30 अगस्त को बिम्सटेक शिखर सम्मेलन के पूर्ण सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में होने वाले सैन्य अभ्यास के लिए सभी देशों को आमंत्रित किया था। इससे पहले नेपाली सेना ने भी सैन्य अभ्यास में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था।