नई दिल्ली : बाबा रामदेव ने दावा किया है कि अगर सरकार उन्हें इजाजत दे तो वह देश में 35 से 40 रुपये लीटर पेट्रोल और डीजल बेच सकते हैं l देश में जहां एक लीटर पेट्रोल 90 रुपये प्रति लीटर तक है, बाबा रामदेव ने महज 35 से 40 रुपये लीटर पेट्रोल-डीजल बेचने का दावा करते हुए मांग की है कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी टैक्स स्लैब के पांच फीसदी पर शामिल किया जाना चाहिए l
बाबा रामदेव ने कहा कि मौजूदा समय में पेट्रोल-डीजल की कीमत आम आदमी की जेब को खाली करने का काम कर रही है l वहीं जीएसटी में यदि 28 फीसदी के टैक्स दर पर पेट्रोल-डीजल को शामिल किया गया तो आम आदमी को राहत नहीं मिलेगी l
एक कार्यक्रम के दौरान पेट्रोल-डीजल की कीमतों को कम करने पर केन्द्र सरकार के रुख पर बाबा रामदेव ने कहा कि यदि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम करने से सरकार के राजस्व में नुकसान हो रहा है तो वह इसकी भरपाई देश में अमीर लोगों पर अधिक टैक्स लगाकर कर सकती है l