गोटेगांव : जिले की जनपद पंचायत गोटेगांव की सभी 90 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के जरिये मनरेगा के अंतर्गत वर्ष 2017- 18 में किये गये कार्यों का सामाजिक अंकेक्षण दो चरणों में किया जायेगा। पहले चरण में 22, 23 एवं 24 सितम्बर को 15- 15 ग्राम पंचायतों में और दूसरे चरण में एक, दो एवं तीन अक्टूबर को 15- 15 ग्राम पंचायतों में सामाजिक अंकेक्षण के लिए विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जायेगा। ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायत द्वारा किये गये व्यय का विवरण पढ़कर सुनाया जायेगा। यह जानकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरपी अहिरवार ने दी है।

          उन्होंने बताया कि सामाजिक अंकेक्षण के लिए आजीविका मिशन के स्थानीय समूहों की महिला स्त्रोत व्यक्ति- व्हीएसए का 4 दिवसीय प्रशिक्षण जनपद गोटेगांव में आयोजित किया गया। इसमें प्रशिक्षित महिलाओं में से तीन- तीन महिलाओं के समूह बनाये गये। इन समूह को एक- एक ग्राम पंचायत आवंटित की गई। प्रशिक्षित महिला समूह ग्राम पंचायत की स्थानीय संपरीक्षा समिति गठित कर उनके माध्यम से वर्ष 2017- 18 में ग्राम पंचायत द्वारा किये गये कार्यों का सत्यापन करेंगी। यह सत्यापन भौतिक, मौखिक एवं दस्तावेज के रूप में होगा।