गोटेगांव : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र के अंतर्गत करकबेल में आयोजित कार्यक्रम में 23 करोड़ 20 लाख 91 हजार रूपये लागत के 8 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 4 करोड़ 46 लाख 91 हजार रूपये लागत के 5 निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन और 18 करोड़ 74 लाख रूपये लागत के चार निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने यहां आयोजित कार्यक्रम में 56.10 लाख रूपये लागत की 1.7 किमी लम्बाई की डोंगरगांव से झिरीकलां तक की सड़क, 106.10 लाख रूपये लागत की 3.63 किमी लम्बाई की बम्हनी- जटलापुर से कंधरापुर तक की सड़क, 84.81 लाख रूपये लागत की 3.42 किमी लम्बाई की ओ.बी. रोड से गुंजी तक की सड़क, 110.72 लाख रूपये लागत की 4.35 किमी लम्बाई की कंधरापुर व्हाया सीमरी डूंडी से खमरिया तक की सड़क एवं 89.18 लाख रूपये लागत की 3.35 किमी लम्बाई की टिकरी से सिवनी तक की सड़क के निर्माण कार्यों के लिए भूमिपूजन किया।मुख्यमंत्री ने यहां 15 करोड़ 50 लाख रूपये लागत का 7 किमी लम्बी गोटेगांव वायपास सड़क, 64 लाख रूपये लागत की 1.12 किमी लम्बी सगनापुर- देवरी सड़क और 2 करोड़ 60 लाख रूपये लागत के 30 बिस्तर वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भवन गोटेगांव का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्यरत है। विभिन्न योजनाओं में प्रदेश में अब तक किसानों के खाते में 32 हजार 701 करोड़ रूपये डाले जा चुके हैं। उन्होंने करकबेल में आईटीआई खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने आगामी समय में क्षेत्रीय मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर लोक निर्माण, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रामपाल सिंह, आयुष, कुटीर एवं ग्रामोद्योग (स्वतंत्र प्रभार) और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्य मंत्री जालम सिंह पटैल, लोकसभा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, राज्यसभा सांसद प्रभात झा, विधायक डॉ. कैलाश जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल, अभिलाष मिश्रा, पूर्व विधायक हाकम सिंह चड़ार एवं शेखर चौधरी और विशाल जनसमूह मौजूद था।