भोपाल : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर मूक बधिर छात्र-छात्राओं के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है l मामले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार आधी रात तक पुलिस थाने का घेराव किया, जिसके बाद देर रात दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया l 

          यह घटना सामने आने के बाद भोपाल फिर शर्मसार है l इस बार यौन शोषण का आरोप भोपाल के बैरागढ़ स्थित साईं विकलांग अनाथ आश्रम के हॉस्टल संचालक पर लगा है l  यहां रहने वाले मूक बधिर छात्रों और छात्राओं ने अनाथ आश्रम संचालक पर अप्राकृतिक कृत्य के साथ-साथ यौन शोषण के आरोप लगाए हैं l हॉस्टल संचालक पर तीन छात्र और दो छात्राओं ने यौन शोषण और अप्राकृतिक कृत्य करने का आरोप लगाया है l 

         भोपाल में पिछले दिनों मूक बधिर छात्राओं के साथ रेप के मामले सामने आने के बाद ये दो मूक-बधिर लड़कियां और तीन लड़के सामाजिक न्याय विभाग पहुंचे हैं l इन्होंने हॉस्टल संचालक पर लम्बे समय से दुष्कर्म और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया l छात्राओं ने हॉस्टल संचालक एमपी अवस्थी पर जहां दुष्कर्म के आरोप लगाए, वहीं लड़कों ने लम्बे समय से शारीरिक प्रताड़ना व अप्राकृतिक कृत्य के आरोप लगाए l 

       शुक्रवार देर रात आरोपी संचालक एमपी अवस्थी के खिलाफ आईपीसी की धारा 377, 376, 354, 506, 34 के तहत मामला दर्ज किया गया. इस मामले में दो आरोपी एमपी अवस्थी और कविता चौधरी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है l