रायसेन : लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह सिलवानी तहसील के ग्राम साईखेड़ा में 15 करोड़ 23 लाख रूपए के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया तथा विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया। इसके पश्चात लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने सिलवानी में 12 करोड़ 84 लाख रूपए के विकास एवं निर्माण कार्यो का भी भूमिपूजन किया। उन्होंने सिलवानी तहसील में आयोजित लोक कल्याण शिविरों में अनेक हितग्राहियों को पीएम उज्जवला योजना, संबल योजना तथा पेंशन सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया।

         इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि सड़कें विकास का मुख्य आधार होती है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सभी गांवों को मुख्य मार्गो से जोड़ा जा रहा हैं। इससे गांवों के विकास को गति मिलने के साथ-साथ ग्रामीणजनों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवो के मुख्य मार्गो से जुड़ने से ग्रामवासियों को न सिर्फ आवागमन में सुविधा होगी बल्कि वे अपनी उपज को आसानी से मंडियों तक भी पहुंचा सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों का देश के अन्य राज्य भी अनुसरण कर रहे हैं। कृषि का क्षेत्र हो या जनकल्याण के कार्य प्रदेश में सभी क्षेत्रों में तेजी से काम किया जा रहा है।

       उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के समग्र विकास और कल्याण के लिए प्रदेश में मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत हितग्राहियों तथा उनके परिवार को निःशुल्क ईलाज, निःशुल्क शिक्षा, कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण सहित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री बकाया बिजली बिल माफी योजना के तहत कमजोर वर्ग के बकाया बिजली बिल माफ कर उन्हें 200 रूपए प्रतिमाह के फ्लेटर रेट पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।

       लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया गया है। यह किसानों की मेहनत और प्रदेश सरकार की कृषि नीतियों का ही परिणाम है कि मध्यप्रदेश को लगातार कृषि कर्मण पुरस्कार मिल रहा है। आज प्रदेश में किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है तथा खाद-बीज की खरीद पर 10 प्रतिशत सब्सिडी भी दी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का भी उल्लेख किया। 

विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यो का किया शिलान्यास

     लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने सिलवानी तहसील के ग्राम साईखेड़ा में लोक निर्माण विभाग द्वारा 12 करोड़ 81 लाख रूपए से स्वीकृत सड़क नीगरी-सांईखेड़ा-वर्धा-सलैया मार्ग एवं एसएच-15 बगियापुरा से सांईखेड़ा मार्ग नदी पर 67 लाख रूपए से स्वीकृत रपटा निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही एक करोड़ 75 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन सांईखेड़ा का भी शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने सिलवानी में 50 लाख रूपए से स्वीकृत आजीविका मिशन भवन तथा लोक निर्माण विभाग द्वारा 12 करोड़ 34 लाख रूपए की लागत से स्वीकृत सिलवानी गैरतगंज मार्ग शहरी क्षेत्र में दो लेन से चार लेन चौड़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया।