लखनऊ : शिवपाल यादव समाजवादी सेकुलर मोर्चा बनाने के बाद मंगलवार को पहली बार लखनऊ में एक बड़े कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं l यह कार्यक्रम यादव समुदाय के संगठन श्रीकृष्ण वाहनी की ओर से किया जा रहा है l इसके कई राजनीतिक मायने भी निकाले जाने लगे हैं l 

           जानकारी के मुताबिक श्रीकृष्ण वाहनी के कार्यक्रम में शिवपाल यादव मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हो रहे हैं l इस कार्यक्रम में यादव समाज के काफी लोगों के शामिल होने की उम्मीद है l आज का कार्यक्रम प्रदेश की राजनीति में आगे की राह तय करेगा. खासकर यादव समाज के राजनीतिक भविष्य को लेकर. उन्होंने बताया कि प्रदेश भर के जिलों से पदाधिकारियों को बुलाया गया है l 

          माना जा रहा है कि श्रीकृष्ण वाहनी के बहाने शिवपाल, यादव समाज के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ का टेस्ट करना चाहते हैं l सपा से नाता तोड़ने के बाद शिवपाल के सामने अपनी राजनीतिक वजूद को कायम रखने की एक बड़ी चुनौती है l मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक उभार के पीछे यादव मतदाताओं की अहम भूमिका रही है l पिछले तीन दशक से यादव समाज सपा के साथ मजबूती के साथ जुड़ा रहा है l 

         अखिलेश यादव के हाथ में सपा की कमान आने से रूठे नेताओं को शिवपाल अपने साथ जोड़ने में जुटे हैं l इटावा के दिग्गज नेता और सपा से दो बार सांसद रह चुके रघुराज सिंह शाक्य, अखिलेश सरकार में मंत्री रहे शादाब फातिमा, शारदा प्रताप शुक्ल और पूर्व विधायक मलिक कमाल युसुफ पहले ही शिवपाल यादव के समाजवादी सेकुलर मोर्चा में शामिल हो चुके हैं l 

        शिवपाल यादव जल्द ही फूलपुर से सांसद रहे अतीक अहमद से मुलाकात करेंगे. माना जा रहा है कि वो भी सेकुलर मोर्चा में शामिल हो सकते हैं l समाजवादी सेकुलर मोर्चा सपा से बागी नेताओं का ठिकाना बनता दिख रहा है. शिवपाल लगातार इस बात को कह रहे हैं कि ये मोर्चा सपा से रूठे नेताओं के लिए ही बनाया गया है l