सिवनीमालवा : महिला एवं बाल विकास विभाग सिवनी मालवा के तत्वाधान में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत पंच सरपंच सम्मेलन का आयोजन जनपद पंचायत सिवनी मालवा के सभाकक्ष में किया गया। परियोजना अधिकारी रामकुमार सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह 1 सितंबर से प्रारंभ हुआ जो 30 सितंबर तक एक जन आंदोलन के रूप में पूरे देश में मनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य गर्भावस्था में देखभाल, किशोरी शिक्षा पोषण, सही आयु में विवाह, स्वच्छता के प्रति जागरुकता लाना है।
पूरे माह इन विषयों पर विभिन्न गतिविधियो का आयोजन किया जाएगा। पंच सरपंच सम्मेलन मे व्यंजन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 15 महिलाओं ने सहभागिता निभाई। गाजनपुर की श्रीमती रजनी लौवंशी को प्रथम, भमेडी की श्रीमती राधा ग्वालवंशी को द्वितीय तथा खरार की श्रीमती माया रघुवंशी को तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। पंच सरपंच सम्मेलन में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष राहुल पटेल, महिला बाल विकास समिति के अध्यक्ष रेवाशंकर पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रीना चौहान एवं जनपद सदस्यगण, खण्ड महिला सशक्तिकरण अधिकारी उपस्थित रहे।