भोपाल : कमला पार्क से गौहर महल, सदर मंजिल होती हुई सिटीवॉक इकबाल मैदान में पूर्ण हुई। मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन बसंत प्रताप सिंह सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधियों और युवाओं ने इस वॉक में हिस्सा लिया और इन ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जाना।
मुख्य सचिव ने कहा कि शहर में आते जाते इन इमारतों को देखने और आज इन में आकर, इनका इतिहास जानकर देखने में बड़ा फर्क है। श्री सिंह ने इमारतों की कारीगरी को देख कर कहा कि वास्तव में इनसे अद्भुत कला का प्रदर्शन झलकता है। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कहा कि उस समय के शासकों के रहन-सहन और कार्यप्रणाली आज की तुलना में भिन्न थी। कंजर्वेशन अर्चेयोलॉजिस्ट पूजा सक्सेना ने बड़ा तलाब, कमलापति महल, गौहरमहल, शौकत महल, सदर मंजिल के निर्माता पूर्व नवाब एवं बेगमोंके संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर सुदाम खाड़े ने बताया कि इस सिटी वॉक का उद्देश्य भोपाल की विरासत के संबंध में आम नागरिकों को जानकारी देना है ताकि लोग इनके प्रति जागरुक हों, उनका ऐतिहासिक धरोहरों से लगाओ हो और इन्हें सहेजने में अपना योगदान दें।