हरदा : कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर एस. विश्वनाथन की अध्यक्षता में बंधक श्रमिकों की पहचान, विमुक्ति एवं पुर्नवास हेतु गठित जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्री विश्वनाथन ने निर्देशित किया कि उपखण्ड स्तरीय सतर्कता समितियों की नियमित रूप से बैठक कराई जाकर एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही विवरण अनिवार्यतः प्रस्तुत करें।
सभी शासकीय एवं अशासकीय सदस्यों, श्रम व राजस्व तथा पुलिस एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा कृषि नियोजन, ईंट-भट्टा, स्टोन क्रेशर एवं अन्य संस्थानों में क्षेत्र भ्रमण के दौरान श्रमिकों को कोई नियोजक द्वारा ऋण/कर्ज/उधार देकर कार्य कराया जा रहा है, तो इसकी सूचना दी जाकर विभिन्न श्रम कानूनों के अन्तर्गत कार्यवाही की जावे। अनुविभागीय दण्डाधिकारी, टिमरनी पूर्व में विमुक्त कराये गये बंधक श्रमिक श्री संतराम पिता भागीरथ, ग्राम झाड़बीड़ा तह. रहटगांव को पात्रतानुसार संबंधित विभाग से कौशल उन्नयन का प्रशिक्षण दिलाया जाकर रोजगार उपलब्ध कराये जाने में मार्गदर्शन करें तथा विभिन्न विभागों से शासन की कल्याणकारी योजनाओं से पात्रतानुसार लाभांवित कराया जावे।
श्रम निरीक्षक को निर्देशित किया कि आगामी माहों में आयोजित विकासखण्ड एवं जिला स्तरीय कल्याणकारी शिविरों में अधिनियम का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार किया जावे। बैठक में अपर कलेक्टर बी.एल. कोचले, जिला शिक्षा अधिकारी, महिला एवं बाल विकास अधिकारी, उपसंचालक एकीकृत बाल विकास, जिला विधिक सहायता अधिकारी, श्रम निरीक्षक, श्रम पदाधिकारी, जिला विधिक सहायता अधिकारी जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग, वेदप्रकाश विश्नोई, विष्णु जायसवाल, ललित मालवीय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।