होशंगाबाद : विधानसभा निर्वाचन 2018 के परिपेक्ष्य में जिले की चारों विधानसभाओं के लिये मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण नवीन कलेक्ट्रेट भवन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स पंकज दुबे, संदीपन निखर, राजेश जायसवाल एवं संजय दुबे द्वारा ईवीएम की कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट तथा वीवीपैट की कार्यप्रणाली, इनके विभिन्न भाग आदि के बारे में विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण में मतदान कर्मियों को ईवीएम एवं वीवीपैट से मतदान की प्रक्रिया तथा मतगणना के बारे में भी बताया गया। विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा हैण्ड्सऑन प्रशिक्षण भी मतदान कर्मियों को प्रदान किया गया। इसके अलावा सभी उपस्थित कर्मियों को डाक मतपत्र के संबंध में भी प्रशिक्षित किया गया जिसमें विभिन्न प्रारूपों के उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।