बैतूल : सांसद ज्योति धुर्वे ने कहा कि भारतीय डाक विभाग द्वारा शुरू की गई इंडिया पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक बैंकिंग सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय लेन-देन की डिजीटल सुविधा आम आदमी तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी। इस सुविधा से अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंक में लगने वाली लंबी लाइनों में अपना समय नहीं गंवाना पड़ेगा, बल्कि बैंक स्वयं उनके घर पहुंचकर अपनी सेवाएं देगा।

        सांसद धुर्वे शनिवार एक सितंबर को इंडिया पोस्ट पेमेन्ट्स बैंक के शुभारंभ अवसर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में विधायक हेमन्त खण्डेलवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अलकेश आर्य, उपाध्यक्ष आनंद प्रजापति, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष बसंत माकोड़े, नागरिक बैंक के अध्यक्ष अतीक पंवार, नगर परिषद् बैतूलबाजार के अध्यक्ष सुधाकर पंवार, राजेश आहूजा सहित डाक विभाग के सहायक अधीक्षक वायएल धनेन्द्र एवं इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के मैनेजर सुनील पंवार एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

        कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद ज्योति धुर्वे ने आगे कहा कि घरेलू महिलाएं, स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं मजबूरी में या समयाभाव के कारण बैंक तथा डाकघर के काउंटर की लाइन लगने में असमर्थ रहते हैं, इसके कारण वे बैंकिंग की कई आवश्यक सुविधाओं से वंचित हो जाते हैं। छोटे-छोटे कार्यों के लिए जैसे विद्युत बिल भुगतान, टेलीफोन बिल भुगतान, बीमा किश्ते, किराना वालों को पेमेंट आदि के लिए असुविधा महसूस करतेहैं। ये सभी कार्य पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यम से संपादन करने की सुविधा डाक विभाग द्वारा प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने कहा कि अक्सर कई बुजुर्ग व्यक्तियों को अपनी पेंशन प्राप्त करने के लिए डाकघर अथवा बैंक में लाइन लगाना पड़ता है, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ऐसे व्यक्तियों के लिए घर बैठे राशि पहुंचाने का कार्य डाकिया के माध्यम से करेगा। घरेलू महिलाएं, स्कूली बच्चे जिनके पास बैंक जाने के समय का अभाव रहता है, उनके लिए पोस्टमेन द्वारा राशि का लेन-देन किया जाएगा। भविष्य में बच्चों की स्कॉलरशिप, शासन की विभिन्न सब्सिडी तथा कई आर्थिक सुविधाओं का लाभ जनता को इस बैंक के माध्यम से मिलेगा।
       विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने कहा कि डाक विभाग के सभी कार्यों में एक क्रांतिकारी परिवर्तन हुआ है। पहले डाकघरों की बचत योजनाओं में जिस डाकघर में धारक का खाता रहता था, उसी डाकघर में लेनदेन होता था। कोर बैंकिंग सिस्टम सीबीएस होने के बाद किसी भी डाकघर से धारक राशि का लेनदेन कर सकता है। डाकघर एटीएम के माध्यम से जनता को सुविधाएं प्रदान की जा रही है। डाकघर की बीमा योजनाएं आज पूर्णत: कम्प्यूटरीकृत है। जनता को पासपोर्ट बनाने के लिए पहले महानगरों के चक्कर काटना पड़ता था। सरकार ने यह सुविधा जिला स्तर पर प्रत्येक प्रधान डाकघर पर उपलब्ध कराई है। सरकार के प्रयस से जनता को सुविधाएं प्रदान करने एवं डाकघर की आय बढ़ाने के उद्देश्य से आधार कार्ड बनाने का कार्य भी डाकघरों में प्रारंभ किया गया है। रेल्वे आरक्षण को सुगम बनाने के लिए सरकार ने कई डाकघरों में पीआरएस रेल्वे आरक्षण काउंटर लागू किया गया है। 
     कार्यक्रम की शुरुआत में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के संबंध में जानकारी देते हुए छिंदवाड़ा संभाग के सहायक अधीक्षक डाकघर वायएल धनेन्द्र ने बताया कि एक सितंबर से देश में 650 बैंक शाखाओं एवं 3250 एक्सेस प्वाइंट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया है। छिंदवाड़ा जिले के अलावा बैतूल गंज उपडाकघर, सेहरा, जोगली, खण्डारा शाखा डाकघरों में इंडिया पोस्ट पेेमेंट बैंक का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम में आमजन सहित डाकघरों से जिले भर से आए ग्रामीण डाक कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के ऑनलाइन खाते भी खोले गए।