रायसेन : राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया जिसे नगरपालिका अध्यक्ष जमना सेन ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस जागरूकता रैली में महिला एवं बाल विकास विभाग के सहायक संचालक ज्ञानेश खरे, पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, किशोरी बालिकाएं तथा शौर्या दल की सदस्य उपस्थित थीं।

          राष्ट्रीय पोषण माह-2018 के अंतर्गत सितम्बर माह में जिले के समस्त आंगनबाडी केंद्रों पर अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जन्माष्टमी के अवसर पर आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को यथासंभव खीर, दही, मक्खन, मिश्री इत्यादि का वितरण किया जाएगा तथा बच्चों के अभिभावकों को इनकी पौष्टिक गुणवत्ता एवं उनके महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसी प्रकार विकासखंड स्तर पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन तथा विकासखड स्तर पर सोयाबीन से दूध तैयार करने के प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे।