नई दिल्ली : भीमा कोरेगांव हिंसा से जुड़े मामले में देश के कई हिस्सों में मंगलवार को पुणे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने कई एक्टिविस्ट और माओवादी नेताओं के ठिकानों पर छापेमारी की l ये छापेमारी महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, दिल्ली और झारखंड में की गई l

             गिरफ्तार किए गए दलित एक्टिविस्ट गौतम नवलखा को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत मिल गई है, लेकिन यह सिर्फ एक दिन के लिए है l हाईकोर्ट बुधवार सुबह फिर से नवलखा की याचिका पर सुनवाई करेगा l हाईकोर्ट ने आज साकेत कोर्ट की ओर से पुणे पुलिस को दी गई ट्रांजिट रिमांड पर एक दिन का स्टे लगा दिया. पुणे पुलिस ने नवलखा को गिरफ्तार करके साकेत कोर्ट में पेश किया था जिस पर कोर्ट ने 48 घंटे के ट्रांजिट रिमांड पर आरोपी नवलखा को भेज दिया था l 

            लेकिन हाईकोर्ट ने अपने आदेश में इस पर रोक लगा दी और नवलखा को एक दिन के हाउस रिमांड पर भेज दिया l हाउस रिमांड के दौरान वह किसी बाहरी शख्स से नहीं मिल सकेंगे. इस दौरान अपने वकीलों से मुलाकात कर सकते हैं l दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के दो अधिकारी और पुणे पुलिस उन पर नजर रखेगी l 

            पुलिस ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में भी इसी मामले को लेकर छापेमारी की. दिल्ली में पुलिस गौतम नवलखा को अपने साथ गाड़ी में बैठाकर ले गई, इसके अलावा उनके घर से लैपटॉप-कागजात को भी सीज किया गया l पुलिस ने गौतम नवलखा को साकेत कोर्ट में पेश किया l