नई दिल्ली : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के विचार किसी से छिपे नहीं है l चाहे देश मे कोई मंच हो या विदेश की धरती, राहुल ने संघ की आलोचना करने का कोई मौका नहीं छोड़ा l अब वही संघ कांग्रेस अध्यक्ष को अपने कार्यक्रम में बुलाने जा रहा है l 

              दरअसल 17 सितंबर से 19 सितंबर तक राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भविष्य का भारत - राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का दृष्टिकोण नामक कार्यक्रम में संघ, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी समेत विपक्ष के कई नेताओं को आमंत्रित करने जा रहा है l जिसे लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों में सुगबुगाहट तेज हो गई है l 

             हालांकि आरएसएस के प्रचार प्रमुख अरुण कुमार का कहना है कि यह न्योता किसी व्यक्ति विशेष को नहीं, बल्कि हर विपक्षी दल को भेजा जाएगा, जिसमें कांग्रेस भी शामिल है और अगर राहुल गांधी आते हैं तो संघ को कोई आपत्ति नहीं l 

             बता दें कि संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान राहुल गांधी का कहना था कि संघ और बीजेपी उनसे कितनी भी नफरत कर ले, लेकिन उनके दिल में उनके प्रति जरा सी भी नफरत नहीं l और यह कहते हुए राहुल पीएम मोदी से गले मिले थे l अब देखना यह होगा कि संसद के पटल अपने दिए बयान पर राहुल कितना कायम रह पाते हैं l  फिलहाल संघ ने अपने सबसे मुखर आलोचक राहुल गांधी के पाले में गेंद डाल दी है l