होशंगाबाद :  जिले मेंं स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह जिला मुख्यालय के पुलिस परेड मैदान में आयोजित किया गया जिसमे मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीताशरण शर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड में केन्द्रीय औद्योगिक  सुरक्षा बल, जिला होमगार्ड, सीनियर डिवीजन एनसीसी, जूनियर डिवीजन एनसीसी, जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, म.प्र. नेवल यूनिट, पुलिस बैंड दल एवं शौर्य दल सहित 11 दल शामिल रहे।

               इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश के नागरिको के नाम संदेश का वाचन किया। जिसमे प्रदेशवासियो को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गई थी। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि आज के पावन दिन हम सब मिलकर प्रदेश को समृद्ध बनाने का संकल्प लें। एक ऐसा प्रदेश बनाए जिसपर हम सबको ही नही देश को भी गर्व हो, जहां सबको रोटी, कपड़ा, मकान, दवाईयां, शिक्षा, रोजगार और सुशासन मिले। किसी की आंख में आंसू न हो। कोई भूखा न सोये और इलाज के अभाव में दम न तोड़े।  जहां विश्वास हो, भरोसा हो। इसके बाद मुख्य अतिथि ने रंगीन गुब्बारे आकाश में मुक्त विचरण के लिए छोड़े।

              रक्षित बल ने हर्ष फायर कर मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि डॉ. शर्मा ने 11 दल नायको से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो तथा शहीदो के परिजनो को शाल एवं श्रीफल देकर उनका सम्मान किया। इसके बाद सहयोग विशेष विद्यालय के 21 दिव्यांग विद्यार्थियो ने  मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया ।  इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयो के 700 विद्यार्थियो ने मनोहारी व्यायाम प्रदर्शन किया। मुख्य समारोह के साथ जिले के सभी कार्यालयो, ग्राम पंचायतो तथा शिक्षण संस्थाओ मे भी उल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायतो मे विशेष ग्राम सभाओ का आयोजन किया गया।

             सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत सेमेरिटन्स सीनियर सेकेण्डरी स्कूल के विद्यार्थियों ने देश भक्ति से ओेत प्रोत गीत - नई सोच है, नई उमंग है, नये चैलेंज हैं गीत पर सामूहिक आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह मे उत्कृष्ट एकलव्य आदिवासी आवासीय विद्यालय भरगदा केसला के विद्यार्थियो ने रोचक नृत्य प्रस्तुत किया जिसका भाव था कि वे जनजातीय लोग अपने देव की पूजा कर खुशिया मनाते हैं गीत के बोल थे - चलो रे साथी । 

            शांति निकेतन उमावि के विद्यार्थियो ने राष्ट्र भक्ति का संदेश देते हुए गीत - मेरा यह देश है पर मनोहारी नृत्य की प्रस्तुति दी। पाणिनी ज्ञानपीठ इंग्लिश मिडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने किसान के जीवन के संघर्ष को प्रदिपादित करते हुए आकर्षक नृत्य सुख का जीवन छोड़ गीत पर नृत्य की प्रस्तुति दी। पंडित रामलाल शर्मा हायर सेकेण्ड्री स्कूल के विद्यार्थियों ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए आकर्षक नृत्य की प्रस्तुती दी। नृत्य के बोल थे - ओ चिरैयां अंगना में आ जा। सरवाईट कांवेंट सीनियर सेकेण्ड्री के छात्र-छात्राओ ने नदियो का महत्व बताते हुए एवं नदियो को संरक्षित करने का संदेश देता हुआ नृत्य प्रस्तुत किया, नृत्य के बोल थे गंगा, यमुना, नर्मदा मैया पर उपकार करो।

           समारोह का समापन पुरस्कार वितरण से हुआ। मुख्य अतिथि डॉ श्री शर्मा ने विभागीय कार्यो मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह मे माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं की परीक्षा में प्रदेश में छठवा स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी साक्षी मिश्रा तथा 12वीं की मेरिट सूची मे प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी स्नेहा पटवा को मेधावी छात्र प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

           स्वतंत्रता दिवस समारोह मे आयोजित परेड मे ग्रुप ए मे जिला पुलिस बल को प्रथम एवं विशेष सशस्त्र बल 17 वीं वाहिनी डी को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। ग्रुप बी मे सीनियर डिवीजन एनसीसी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। ग्रुप सी जूनियर डिवीजन आर्मी एनसीसी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ तथा ग्रुप डी में  सशक्त वाहिनी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम मे प्रथम स्थान एकलव्य आदिवासी विद्यालय भरगदा को, द्वितीय स्थान सर्वाइट कानवेन्ट सीनियर सेकेण्ड्री स्कूल होशंगाबाद को प्राप्त हुआ। तृतीय पुरस्कार शांति निकेतन को प्राप्त हुआ। समारोह मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियो को भी सम्मानित किया गया।

         समारोह में  मुख्य अतिथि डॉ. सीताशरण शर्मा ने शासन की विभिन्न योजनओं को आमजनो तक पहुँचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 7 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ होशंगाबाद जिले के सभी विकासखंडो के विभिन्न ग्रामों में पहुँचकर शासन की योजनाओ का प्रचार-प्रसार करेगें।

         मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष कुशल पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल, जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी, अपर कमिश्नर नर्मदापुरम संभाग आशकृत तिवारी, पुलिस महा निरीक्षक केसी जैन, डीआईजी रमाश्रय चौबे, वन संरक्षक केसी भारद्वाज, कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना, सीईओ जिला पंचायत पी.सी.शर्मा, अपर कलेक्टर केडी त्रिपाठी, पीयूष शर्मा सहित जनप्रतिनिधि गण, गणमान्य नागरिक, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिगण, स्कूली छात्र-छात्राएं और बडी संख्या मे आम जन उपस्थित रहे।