विदिशा रबी विपणन वर्ष 2017-18 में गेहूं उपार्जन की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा की जा रही है। जिले के समस्त खरीदी केन्द्रों पर 14 जनवरी से पंजीयन कार्य प्रारंभ हो जाएगा जो 14 फरवरी तक जारी रहेगा। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री मोहन मारू ने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं विक्रय करने के इच्छुक सभी किसानों को नया पंजीयन कराना होगा। पूर्व वर्षो का पंजीयन मान्य नही किया जाएगा। जिले के 133 केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी कार्य किया जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया खरीदी संस्था द्वारा निःशुल्क ऑन लाइन सम्पादित की जाएगी। नवीन पंजीयन के लिए संबंधित किसान भाई को आधार नम्बर, समग्र परिवार आईडी, मोबाइल नम्बर एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखाओं अथवा राष्ट्रीयकृत बैंक में खोले गए बैंक खातों की जानकारी देना अनिवार्य होगा। यदि किसी किसान के पास आधार पंजीयन नही है तो संबंधित किसान द्वारा आधार पंजीयन कराकर ई-आईडी उपलब्ध करानी होगी। आवेदक के साथ किसान द्वारा स्वप्रमाणित भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका, सिग्मी/पट्टे की भूमि का प्राधिकार पत्र भी देना होगा। किसानों के पंजीयन का सत्यापन पटवारी द्वारा 21 जनवरी से 21 फरवरी की अवधि में किया जाएगा और किसानो से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य 27 मार्च से 27 मई की अवधि में किया जाएगा।