केसला : किसानों की आय बढाने के लिए किसानों को अनेक नवाचार करने के लिए शासन द्वारा प्रेरित किया जा रहा है। इसी क्रम मे किसानों को मछली पालन के लिए मछली बीज प्रदाय किए जा रहे हैं। गत दिवस कलेक्टर प्रियंका दास ने केसला विकासखण्ड के ग्राम ताकू पहुंचकर आत्मा परियोजना के अंतर्गत नवाचार हेतु किसानों के तालाब में मछली के बीज डाले। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेती के साथ-साथ मछली पालन करने से किसान अपनी आय बढा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केसला क्षेत्र में मछली उत्पादन अत्यंत फायदे मंद साबित हो सकता है। यहां से इटारसी जंक्शन नजदीक होने के कारण देश के विभिन्न भागों में ट्रान्सपोर्ट किया जा सकता है। कलेक्टर ने खेतों में जाकर मक्का की फसल का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर एसडीएम आरएस बघेल, उपसंचालक कृषि जितेन्द्र सिंह, परियोजना संचालक आत्मा एमएल दिलवारिया, उपसंचालक उद्यानिकी एमएल उईके एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।