होशंगाबाद : शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण केसला में आयोजित आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में म.प्र. विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतवर्ष में आपके बिना किसी का काम नहीं चल सकता। उन्होंने रामचरितमानस का उदाहरण देते हुए बताया कि भगवान राम ने शबरी को बहन कहकर संबोधित किया था एवं शबरी ने उनकी मदद की थी।
डॉ शर्मा ने कहा कि आदिवासियों के योगदान के बिना शासन नहीं चल सकता एवं प्रदेश एवं देश की प्रगति नहीं हो सकती। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि वे शासन की योजनाओं को जाने एवं उनका लाभ लेकर आगे बढे तथा समाज, प्रदेश एवं देश की प्रगति में अपना योगदान दें। उन्होंने बताया कि होशंगाबाद में 22 करोड रुपये की लागत से आदिवासी कन्या परिसर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत केसला के अध्यक्ष गनपत उईके ने उपस्थित लोगो को संबोधित करते हुए आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दी। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा ने ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण के बारे में बताया। कार्यक्रम में आदिवासी कला मंडलियों द्वारा पारम्परिक जनजातीय नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किये गये। साथ ही रागिनी तरडे एवं राशि खाडे द्वारा वंदे मातरम एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति दी गई। स्थानीय बालिकाओं द्वारा नर्मदाष्टक का गायन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया एवं विभिन्न योजनाओं के लगभग 650 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। एकलव्य आवासीय विद्यालय भरगदा के प्रतिभावान छात्र उत्तम कुमरे को नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने पर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत सुरेन्द्र उईके, मिनाक्षी धुर्वे को प्रतीकात्मक रूप से चैक प्रदान किये गए। साथ ही 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत फिटनेस सेंटर खोलने के लिये हेमंत कुजूर को 15 लाख रुपये का चैक प्रदान किया गया। कृषक उद्यमी योजना में कस्टम हायरिंग के लिये प्रशांत राम कैलाश को 15 लाख रुपये का चैक प्रदान किया गया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अनमोल आजीविका स्वसहायता समूह एवं लक्ष्मी महिला स्वसहायता समूह को राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री बकाया बिजली बिल माफी स्कीम के अंतर्गत बिजली बिल माफी के प्रमाण पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम में जिले में संचालित बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान के अंतर्गत गठित डॉटर्स क्लब के सदस्यों को गौरव पत्र एवं तुलसी का पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री कुशल पटेल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारा वरकडे, कलेक्टर प्रियंका दास, पुलिस अधीक्षक अरविंद सक्सेना, उपायुक्त आदिवासी विकास जेपी यादव, सहायक आयुक्त श्रीमती चंद्रकांता सिंह, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण तथा बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।