होशंगाबाद :   म.प्र. स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (एमपी स्वान) डीएचक्यू पॉप रूम का विस्थापन वर्तमान स्थान से नवीन रेवा भवन में 11 अगस्त एवं 12 अगस्त को किया जाएगा। कलेक्टर प्रियंका दास ने आदेश जारी कर विभिन्न अधिकारियों को इस कार्य के लिए दायित्व सौंपे हैं। उन्होने कहा है कि संबंधित अधिकारी जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक संदीप चौरसिया से संपर्क कर उपरोक्त कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय सीमा के अंदर पूर्ण करना सुनिश्चित करे। जारी आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी ई-एनएम को पुराने पॉप रूम से डिस्ट्रीब्यूशन पैनल एवं सभी विद्युत उपकरणों को नये पॉप रूम में विस्थापित कर उनकी कनेक्टिविटी करना तथा सफल परीक्षण करने का दायित्व सौंपा गया है।

                कार्यपालन यंत्री एमपीईबी को वर्तमान 3फेस कनेक्शन को नवीन भवन में विस्थापित कर उसका सफल परीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। कार्यपालन यंत्री पीआईयू विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्यों जैसे ड्रिलिंग, केबलिंग आदि एवं सामग्रियों के विस्थापन हेतु कर्मचारी उपलब्ध करायेंगे। अनुविभागीय अधिकारी बीएसएनएल वर्तमान पॉप रूम में स्थिति समस्त लीज लाईन एवं अन्य सर्किट को विस्थापित कर सफल परीक्षण करेंगे।

              प्रभारी अधिकारी नाजरात शाखा विस्थापन के कार्य को पूर्ण कराने के लिए 4 भृत्य जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक को उपलब्ध करायेंगे जो स्वान पॉप रूम की समस्त अधोसंरचना को नये पॉप रूम में विस्थापित करने के लिए उत्तरदायी होंगे। कलेक्टर ने कहा है कि उपरोक्त कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर जिले के समस्त कार्यालयों में स्वान सेवाएं बाधित हो जाएंगी, ऐसी स्थिति में संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।