होशंगाबाद : हाँ मैंने माँ का दूध पिया है कि थीम पर 1 अगस्त से 7 अगस्त तक महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। आज होमसांइस कॉलेज में विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर प्रशिक्षण कम सेमीनार एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय त्रिपाठी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। परिवेक्षक श्रीमती प्रीति शर्मा एवं सुचित्रा राजावत द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों को संबंधित विषय स्तनपान सप्ताह के बारे में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया। तत्पश्चात परिवेक्षक श्रीमती रश्मि वर्मा एवं श्रीमती आस्था शिवहरे द्वारा उपस्थित प्रतिभागी छात्राओं में से 5-5 छात्राओं के 2 ग्रुप बनाए गए। पहला ग्रुप लाडली लक्ष्मी ग्रुप एवं दूसरा ग्रुप सुकन्या ग्रुप बनाया गया।
लाडली लक्ष्मी ग्रुप में प्राजू मालवीय, रानी चौरे, शिवानी, मेघा, निकिता एवं सुकन्या ग्रुप में राजकुमारी, नीता, मंजू, उमा, नैना आदि थे। क्विज प्रतियोगिता में कुल 6 राउंड थे। 1 से 5 तक राउंड में पहले लाडली लक्ष्मी ग्रुप एवं सुकन्या ग्रुप से प्रश्न किए गए। प्रत्येक राउंड के अंत में दर्शको से भी प्रश्न पूछे गए। क्विज प्रतियोगिता में लाडली लक्ष्मी ग्रुप प्रथम स्थान पर एवं सुकन्या ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा।
प्राचार्य डॉ. कामिनी जैन ने प्रथम एवं द्वितीय ग्रुप की छात्राओं को पुरस्कार प्रदान किए। दर्शकों मे से जिन छात्राओ ने सही उत्तर बताया उसे भी पुरस्कार प्रदान किया गया। कार्यक्रम अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी श्री धर्मेन्द्र अग्रवाल, व्याख्याता डॉ. वर्षा चौधरी, डॉ. भारती दुबे, डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, डॉ. संगीता अहिरवार, डॉ. संध्या राय, डॉ. प्रीति ठाकुर, डॉ. रीना मालवीय एवं नीतू सोलंकी उपस्थित रहे।