होशंगाबाद :  म.प्र. शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन का आयोजन 4 अगस्त को कृषि उपज मंडी प्रांगण आईटीआई रोड होशंगाबाद में किया जाएगा। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री केके रघुवंशी ने बताया कि सम्मेलन में 12 विभागों द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत 1352 हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके अलावा तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार विभाग के द्वारा चयनित 422 बेरोजगारों को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया जाएगा।

              साथ ही श्रम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के अंतर्गत 2500 असंगठित श्रमिकों को हितलाभ एवं कार्ड वितरण, वन विभाग द्वारा 500 तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस एवं सामग्री वितरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1760 हितग्राहियों को गैस कनेक्शन प्रदान किया जाएंगे। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं के तहत 50 हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। सम्मेलन में जिले में स्थापित हो सकने वाले उद्यमों की संभावना पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा तथा बैंकों से ऋण कैसे प्राप्त किया जाए इस संबंध में बैंक विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। सभी उद्यमियों एवं शिक्षित बेरोजगारों से अनुरोध है कि वे स्वरोजगार सम्मेलन में भाग लेकर योजनाओं से लाभान्वित होवें।