रायसेन : लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह ने बेगमगंज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना के तहत पंजीकृत हितग्राहियों को स्मार्ट कार्ड तथा मुख्यमंत्री बकाया बिजली बिल माफी योजना के तहत हितग्राहियों को बिल माफी के प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत महिला हितग्राहियों को गैस कनेक्शन भी प्रदान किए।
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की चिंता करते हुए उनके कल्याण और विकास के लिए मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना (संबल) प्रारंभ की है। इस योजना से न केवल बुरे वक्त में सहारा मिला है बल्कि श्रमिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा के द्वार खुले हैं। अब कोई भी बच्चा पैसे के अभाव में उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। सरकार उनकी पूरी फीस भरेगी। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों से कहा कि वे मुख्यमंत्री जनकल्याण योजना संबल के तहत पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का लाभ लें। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का उल्लेख करते हुए लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं की घुटन से मुक्ति दिलाने के लिए प्रधानमंत्री उज्जवला योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। आज गांव-गांव को मुख्य मार्गो से जोड़ा जा रहा है जिससे ग्रामवासियों को ने सिर्फ आवागमन में सुविधा हुई है बल्कि उनके लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। लोक निर्माण मंत्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हमेशा किसानों की चिंता करते हैं और किसानों के कल्याण और खेती के विकास के लिए अनेक योजनाएं चला रहे हैं। जिसके चलते खेती की लागत कम हुई है तथा किसानों को उनकी उपज के उचित दाम मिल रहे हैं।
उन्होंने भावांतर भुगतान योजना, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कृषक जीवन कल्याण योजना सहित अनेक योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सिंचाई के रकबे का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आज प्रदेश में 40 लाख हैक्टेयर से अधिक कृषि भूमि सिंचित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी तथा कन्यादान योजना ने गरीबों को बेटी की शादी की चिंता से मुक्त किया है। आज बेटी के जन्म से लेकर विवाह और प्रसूति तक के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ-साथ सिलवानी, बेगमगंज क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर काम करते रहेंगे।