होशंगाबाद :  जिला पंचायत सभागार में गत दिवस ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण एवं बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री कुशल पटेल एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती संगीता सोलंकी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा इसके अंतर्गत शामिल किए गए विभिन्न पैरामीटर्स के बारे में बताया गया।

               कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा ने सभी सरपंच एवं सचिवों से कहा कि वे ग्राम पंचायतों में लोगों को स्वच्छता सर्वेक्षण के संबंध में जागरूक करें तथा गांवों में विशेष सफाई अभियान चलाएं। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री संजय त्रिपाठी ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान अंतर्गत जिले में संचालित हो रहे गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि प्रत्येक ग्राम एवं वॉर्ड में डॉटर्स क्लब का गठन किया गया है। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना के बारे में बताया तथा उपस्थित डाक विभाग के अधिकारियों ने इस योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सुकन्या समृद्धि का लक्ष्य प्राप्त करने वाली आंगनबाडी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक एवं सीडीपीओ को पुरस्कृत किया जाएगा।

             कार्यशाला में जनपद पंचायत होशंगाबाद की मुख्यकार्यपालन अधिकारी सुश्री नमिता बघेल, अन्य अधिकारीगण तथा होशंगाबाद विकासखण्ड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों के सरपंच सचिव तथा आंगनबाडी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।