होशंगाबाद :  कलेक्ट्रेट के रेवा सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय सीमा बैठक में कलेक्टर प्रियंका दास ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे 18 अगस्त को आयोजित होने वाले मिल बांचे अभियान के अंतर्गत पंजीयन कराकर जिले के प्रमुख स्कूलों में जाएं तथा बच्चों को पढ़ा कर उनके साथ समय व्यतीत करें। साथ ही गिफ्ट अ बुक अभियान के तहत स्कूलों में भेंट स्वरूप बच्चों के लिए लाभदायक किताबें दें।

               उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि वे सभी जिलाधिकारियों को स्कूल आवंटित कर दें। कलेक्टर ने 4 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन के संबंध में स्वरोजगार योजनाओं को संचालित करने वाले विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अधिक से अधिक हितग्राहियों के ऋण प्रकरण स्वीकृत कराकर उन्हें कार्यक्रम में स्वीकृति पत्र प्रदान करें। साथ ही स्वरोजगार योजनाओं से लाभ उठाकर स्वयं का सफल व्यवसाय स्थापित करने वाले हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल पर बुला कर उनकी सफलता की कहानी उपस्थित लोगों के सामने रखें ताकि अन्य लोगों को इससे प्रेरणा मिल सके।

              उन्होंने खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया कि वे कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन वितरित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां कर लें। सभी गैस एजेंसीज को कार्यक्रम स्थल पर स्टॉल अलॉट करें। उन्होंने कहा कि संबल योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ भी इस अवसर पर हितग्राहियों को प्रदान किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित करें। कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत एवं पीओ डूडा को हितग्राहियों को कार्यक्रम स्थल पर लाने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

            बैठक में कलेक्टर ने कहा कि 9 अगस्त को आदिवासी कल्याण दिवस मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आदिवासी बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को इस कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि मूंग खरीदी की प्रविष्टियां 8 अगस्त तक पोर्टल पर करा लें। साथ ही 6 अगस्त से प्रारंभ होने वाले खरीफ फसलो के पंजीयन के लिए समुचित व्यवस्था करें।

           उन्होंने कहा कि विधानसभा निर्वाचन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी नोडल अधिकारी अपने विभागीय कार्यों के साथ चुनाव के कार्य को भी तत्परता से करें। चुनाव में सौंपी गई जिम्मेदारी से संबंधित सारी जानकारी एकत्रित कर लें। कलेक्टर ने सीएम हेल्प लाईन में सभी विभागों के वेटेज स्कोर की समीक्षा करते हुए कहा कि संतुष्टि के साथ शिकायतों का निराकरण करने पर ही वेटेज स्कोर बढाया जा सकता है। उन्होंने सीएम हेल्प लाईन में असंतोषजनक प्रदर्शन के कारण जल संसाधन विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सभी विभाग इसके लिए प्रयास करें। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत 1 आवेदन समय सीमा से बाहर निराकृत होने पर बीएमओ डोलरिया पर नियमानुसार जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।

         बैठक में अपर कलेक्टर केडी त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, संयुक्त कलेक्टर आदित्य रिछारिया, एसडीएम वृंदावन सिंह एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।