छतरपुर : आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने पार्टी के लोकसभा स्तर के पदाधिकारी सम्मेलन के दौरान जैन धर्मशाला (डेरा पहाड़ी, पुराना पन्ना नाके के पास) में सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तीसरी सूची की घोषणा की। इस सूची में प्रदेश की 22 सीटों पर आप ने उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें पूर्व प्रशासनिक अधिकारी, डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर, खिलाड़ी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आंदोलनकारी शामिल हैं। आम आदमी पार्टी के विधानसभा उम्मीदवारों की चौथी सूची 10 अगस्त को जबलपुर में घोषित की जाएगी। इससे पहले भोपाल एवं ग्वालियर में 39 उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। इस तरह पार्टी अब तक 61 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। तीसरी सूची के उम्मीदवारों की घोषणा से पहले पार्टी के छतरपुर लोकसभा के पदाधिकारियों का सम्मेलन हुआ। इसमें प्रदेश की सभी 230 सीटों पर जनता को मजबूत विकल्प देने का संकल्प लिया गया।

         इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी सत्ता को बदलने की लिए नहीं आई है, हम व्यवस्था को बदलने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं। हमारी यह व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई आम आदमी की लड़ाई है, और इसमें निश्चित रूप से आम आदमी को ही जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिस व्यवस्था में रोज पांच किसान और 92 बच्चे मर रहे हों, जहां दो युवा रोज आत्महत्या कर रहे हों, ऐसी सत्ता को बदलाना जरूरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है। आम आदमी पार्टी प्रदेश में इस लूट और भ्रष्टाचार के राज को खत्म करेगी और आम आदमी का राज लाएगी।

       उन्होंने कहा कि प्रदेश की बर्बादी के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां समान रूप से जिम्मेदार हैं और भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल एक दूसरे से मिले हुए हैं। कांग्रेस विरोध का दिखावा करती है, लेकिन असल में वह विपक्ष की अपनी जिम्मेदारी को नहीं निभा रही है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और बुंदेलखंड जोन के प्रभारी अमित भटनागर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव जनता और नेताओं की लड़ाई है। हमारे लिए यह महत्वपूर्ण नहीं है कि विधायक कौन बनेगा। महत्वपूर्ण यह है कि स्कूलों में पढ़ाई कैसे हो? कैसे अस्पतालों में इलाज सुविधाएं सस्ती और अच्छी मिलें? कैसे भ्रष्टाचार खत्म हो। हमारे लिए आम आदमी पार्टी के लिए यह व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई है। गांव, देश को बनाने और अगली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित भविष्य की लड़ाई है।

      पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री और भोपाल एवं रीवा जोन के प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार जनता के बीच लोकप्रिय हो रही है और इससे भाजपा और शिवराज सिंह की नींद उड़ी हुई है। आने वाला चुनाव दो तरह की राजनीति के बीच है। एक राजनीति जाति, धर्म आदि के नाम पर बांटने वाली, बाहुबल और पैसे के जरिये आगे बढऩे वाली राजनीति है। इस राजनीति से चुनाव जीतने वाले पैसा कमाने में लग जाते हैं। दूसरी राजनीति आम आदमी पार्टी की है, जिसमें जनता के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी की सुविधाओं के साथ किसानों के मुद्दों, युवाओं के मुद्दों, आम जनता के मुद्दों को सुलझाने की राजनीति करती है।

       इस मौके पर पार्टी के प्रदेश संगठन सचिव और इंदौर जोन के प्रभारी युवराज सिंह ने कहा कि मौजूदा सरकार अपने लोकलुभावन नारों के जरिये जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे जनता को बताएं कि शिवराज सरकार ने पिछले 14 सालों में कितने और किस किस तरह के घोटाले किए हैं। प्रदेश संगठन सचिव एवं ग्वालियर जोन के प्रभारी हिमांशु कुलश्रेष्ठ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में 230 सीटों पर चुनाव झाडू जीतेगी। आम आदमी पार्टी में कोई चेहरा चुनाव नहीं जीतेगा। यह संगठन का चुनाव है और हमारी पार्टी के लिए व्यक्ति के बजाय संगठन ही सर्वोपरि है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है और रहेगा। कार्यक्रम का संचालन उज्जैन जोन के प्रभारी इंद्र विक्रम सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीते 14 सालों में भाजपा ने विकास के नाम पर महज लूट और भ्रष्टाचार किया है। इस व्यवस्था को बदलने का समय आ गया है और आम आदमी पार्टी इसे अंजाम देगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

आप प्रत्याशियों की सूची -

1) विधानसभा: मण्डला
प्रत्याशी: प्रेमलाल वरकड़े

2) विधानसभा: मांधाता
प्रत्याशी: डॉ भक्त प्रह्लाद मिश्रा

3) विधानसभा: पिछोर
प्रत्याशी: प्रो. हनुमंत सिंह चौहान

4) विधानसभा: चंदेरी
प्रत्याशी: रितेश जैन

5) विधानसभा: नागौद
प्रत्याशी: विवेक सिंह लोधी

6) विधानसभा : श्योपुर
प्रत्याशी: कुलदीप सिंह तोमर

7) विधानसभा: डबरा
प्रत्याशी: रामवती शाक्य

8) विधानसभा- आगर
प्रत्याशी- बाबूलाल मालवीय

9) विधानसभा- उज्जैन दक्षिण पश्चिम
प्रत्याशी-शैलेन्द्र सिंह रूपावत

10)-विधानसभा - गोहद
प्रत्याशी - गुड्डू वाल्मीक

11)-विधानसभा-भोपाल मध्य
प्रत्याशी- फराज खान

12) विधानसभा: भितरवार
प्रत्याशी: शकुंतला चौधरी

13)-विधानसभा - लहार
प्रत्याशी - योगेन्द्र सिंह कुशवाहा

14)-विधानसभा - भिंड
प्रत्याशी - साकेत सक्सेना

15)-विधानसभा-सेमरिया
प्रत्याशी-प्रमोद शर्मा

16)-विधानसभा-बैतूल
प्रत्याशी-अजय सोनी

17)-विधानसभा-गंधवानी
प्रत्याशी-गोविंद रावत

18)-विधानसभा- झाबुआ
प्रत्याशी-दिलीप सिंह मीणा

19)-विधानसभा- ब्यावरा
प्रत्याशी-कालूराम असैया

20)-विधानसभा- गंजबासौदा
प्रत्याशी-राजेन्द्र तिवारी

21)-विधानसभा-हरसूद
प्रत्याशी-प्रमिला चौहान

22)-विधानसभा-शाजापुर
प्रत्याशी-जियाउर्रहमान

 

मीडिया सेल
आम आदमी पार्टी, छतरपुर