पिपरिया : न्यू महेश्वरी भवन पिपरिया में स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 एवं बेटी बचाओ बेटी पढाओ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पिपरिया विधायक ठाकुर दास नागवंशी, पूर्व विधायक हरिशंकर जयसवाल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना साहू उपस्थित रहे। पिपरिया के अनुविभागीय अधिकारी मदन सिंह रघुवंशी ने विस्तार पूर्वक स्वच्छता सर्वेक्षण की प्रक्रिया को समझाकर सभी को स्वच्छता का संकल्प दिलाया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास संजय त्रिपाठी ने बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान अंतर्गत जिले में संचालित हो रहे गतिविधियों की जानकारी दी और बताया कि प्रत्येक ग्राम एवं वॉर्ड में डॉटर्स क्लब का गठन किया गया है। इस अवसर पर विधायक नागवंशी ने डॉटर्स क्लब की सदस्य श्रीमती शोभा, श्रीमती गायत्री, श्रीमती कल्पना, श्रीमती सीता को गौरव पत्र देकर सम्मानित किया। इन सभी ने 2 बेटियों के जन्म के उपरांत परिवार नियोजन अपनाया है। उपस्थित डाक विभाग के अधिकारियों ने सुकन्या समृद्धि योजना की विस्तृत जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कलेक्टर के निर्देश पर सुकन्या समृद्धि का लक्ष्य प्राप्त करने वाली आंगनबाडी कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक एवं सीडीपीओ को पुरस्कार देने की बात कही।
कार्यशाला में अतिरिक्त जिला सीईओ दीपक राय, समस्त खण्ड स्तरीय अधिकारी, विभिन्न ग्रामों से आए सरपंच एवं सचिव, आंगनबाडी एवं आशा कार्यकर्ता, अधिकारी एवं कर्मचारीगण, आमजन एवं पत्रकारगण मौजूद थे।