सीहोर नर्मदा संरक्षण यात्रा ’’ नमामि देवी नर्मदे ’’ जिले में संभवत 20 मार्च,2017 को उत्तर तट से नसरूल्लागंज के छीपानेर से प्रवेश करेगी तथा 29 मार्च,2017 को बुधनी विकास खंड से रायसेन जिले की ओर प्रस्थान करेंगी। यात्रा के लिए की जाने वाली व्यापक व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए 5 जनवरी को कलेक्टर डॉ. सुदाम खाडे सहित संबंधित विभागों के आला अधिकारियों ने यात्रा मार्ग में पडने वाले एक दर्जन से अधिक नर्मदा तटीय ग्रामों तथा यात्रा मार्ग का भ्रमण कर निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु संबंधितों को निर्देशित भी किया। कलेक्टर के साथ वन विकास निगम के अध्यक्ष श्री गुरूप्रसाद शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रघुनाथ भाटी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच तथा ग्रामवासी भी उपस्थित थे। गुरूवार प्रातः छीपानेर से प्रारंभ कर चौरसाखेडी, सातदेव, तिगाली, सीलकंठ, मंडी, नीलकंठ, छिदगांवकाछी, बडगांव, आबाजदीद, डिमावर, बाबरी होते हुए देर शाम जाजना तक उक्त दल ने अवलोकन कर ग्रामवासियों की चौपाल लगाकर उन्हें यात्रा का उद्देश्य और महत्व बताते हुए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सभी तटवर्ती ग्रामों में नर्मदा सेवा दल के गठन आदि के लिए जागरूक किया तथा संबंधित विभागों को मार्ग दुरूस्तीकरण आदि कार्यों के लिए निर्देशित भी किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ. केदार सिंह, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रमोहन मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम श्री हरिसिंह चौधरी सहित अन्य शासकीय सेवक उपस्थित थे।
नर्मदा संरक्षण यात्रा हेतु नर्मदा तटीय गांवों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश -