जबलपुर : कलेक्टर श्रीमती छवि भारद्वाज ने रसोई गैस वितरकों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत हर पात्र हितग्राही को इस माह के अगले दस दिनों में नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। श्रीमती भारद्वाज आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में रसोई गैस डीलरों की बैठक को संबोधित कर रही थीं।  इस अवसर पर जिला पंचायत की सीईओ हर्षिका सिंह एवं सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी मौजूद थे। 

            कलेक्टर ने बैठक में कहा कि आगामी दस दिनों में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत हर रसोई गैस डीलरों को अपने क्षेत्र के प्रत्येक पात्र हितग्राही को नि:शुल्क रसोई गैस कनेक्शन हर हाल में प्रदान करने होंगे।  उन्होंने रसोई गैस वितरकों से इसके लिए मिशन मोड में काम करने की अपेक्षा करते हुए कहा कि आगामी चार अगस्त को जबलपुर जिले को प्रधानमंत्री उज्जवल योजना के तहत हर पात्र हितग्राही को रसोई गैस कनेक्शन प्रदान करने वाला जिला घोषित कर दिया जायेगा। 

          कलेक्टर ने इस अवसर पर रसोई गैस डीलरों एवं वितरकों को चेतावनी भी दी कि यदि उनकी ओर से रसोई गैस प्रदान करने में विलंब या लापरवाही बरती गई तो केन्द्र शासन की इस महत्वपूर्ण योजना की उपेक्षा करने के आरोप में उनकी एजेंसी को निरस्त करने की कार्यवाही प्रशासन द्वारा की जायेगी। उन्होंने सभी रसोई गैस वितरकों को पात्र हितग्राहियों की के.वाय.सी. को अपडेट करने के काम में भी तेजी लाने के निर्देश बैठक में दिये। 

         श्रीमती भारद्वाज ने बैठक में रसोई गैस वितरकों को ऐसे परिवारों की सूची तत्काल जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये जिनके पास रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं ताकि इन परिवारों को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की पात्रता का एक बार पुन: परीक्षण कराया जा सके।  उन्होंने प्रत्येक पात्र तक प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ पहुंचे इसके लिए रसोई गैस वितरकों एवं जनपद पंचायतों के सीईओ के बीच समन्वय एवं निरंतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया ताकि योजना के क्रियान्वयन में आने वाली कठिनाइयों को तुरंत दूर किया जा सके।  

        कलेक्टर ने बैठक में भारतीय पेट्रोलियम कारपोरेशन से रसोई गैस सिलेण्डरों का स्टॉक प्राप्त होने में वितरकों को आ रही कठिनाइयों को गंभीरता से लेते हुए बैठक में मौजूद जिला आपूर्ति नियंत्रक को इस समस्या के निराकरण के लिए तत्काल उनकी ओर से कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिये।  श्रीमती भारद्वाज ने उज्जवला योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के पात्र हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करने और रसोई गैस वितरकों तक आवेदनों को पहुंचाने के काम में ढिलाई बरतने वाले ग्राम पंचायतों, सचिवों एवं रोजगार सहायकों के खिलाफ कठोर कार्यवाही के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ को दिये है l