होशंगाबाद :   नर्मदापुरम् संभाग कमिश्नर उमाकांत उमराव ने बुधवार को जिला परिवहन विभाग, खनिज विभाग, आबकारी विभाग एवं जिला पंजीयक विभाग तथा नगरपालिका अधिकारियों की संभागीय समीक्षा बैठक ली। खनिज विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने समस्त जिला खनिज अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अवैध खनिज उत्खनन परिवहन एवं भण्डारण के प्रकरण प्राथमिकता से कलेक्टर न्यायालय में लगाए ताकि कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

                बताया गया कि होशंगाबाद में खनिज के अवैध उत्खनन के 12 प्रकरण, अवैध परिवहन के 335 प्रकरण एवं अवैध भण्डारण के 2 प्रकरण पाए गए हैं। अवैध परिवहन के 240 प्रकरण एवं अवैध भण्डार के एक प्रकरण तथा अवैध उत्खनन के 7 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इसमें अवैध उत्खनन में 12 लाख 39 हजार 300 रूपए का अर्थदंड लगाया गया है। अवैध परिवहन पर 9 लाख का एवं अवैध भण्डारण पर एक लाख रूपए का अर्थ दंड लगाया गया है। संबंधित पक्षों ने अवैध उत्खन्न में 2 लाख 81 हजार रूपए की राशि, अवैध परिवहन पर 2 लाख रूपए तथा अवैध खनिज भण्डारण पर 54 हजार रूपए की राशि शासन के पक्ष में जमा की है।

              कमिश्नर ने खनिज विभाग के सैनिक एवं इंस्पेक्टर की ट्रेनिंग के लिए जिले के आरआई को पत्र लिखने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने जिला परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे संभावित सड़क दुर्घटना वाले स्थलों का चिन्हांकन कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि लोक निर्माण विभाग के सहयोग से उन सडकों को दुरूस्त किया जा सके। श्री उमराव ने जिला परिवहन विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि यात्री बसों के फिटनेस चैकिंग हेतु अधिकृत एजेंसी को आउटसोर्स किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रेक्टर एवं ट्रॉली में रिफ्लेक्टर टेप लगाने  से दुर्घटना में कमी आई है l  बैठक में उपायुक्त राजस्व श्री मनोज मालवीय सहित सभी संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।