भोपाल : म.प्र. शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग अंतर्गत म.प्र. राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में कौशल एवं रोजगार पंचायत का आयोजन किया जा रहा है जिसमें लगभग 1 लाख युवाओं को विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कम्पनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करायें जाएंगे इस श्रृंखला में एक अगस्त 2018 को म.प्र. राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड तथा टूरिज्म एण्ड हॉस्पिटेलिटी सेक्टर स्किल काउंसिल द्वारा संयुक्त रूप से भोपाल में अंतर्राष्ट्रीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में टूरिज्म एण्ड हॉस्पिटेलिटी सेक्टर स्किल काउंसिल की नियोजक कम्पनियों द्वारा लगभग हजार पदों जैसे- रेस्टोरेंट मैनेजर, वेटर, बेकरी अथवा किचिन असिस्टेंट, ड्राईवर, नर्स, हेयर ड्रेसर आदि तथा टूरिज्म एंव हॉस्पिटेलिटी क्षेत्र के अन्य संबंधित पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों हेतु होटल मैनेजमेंट में डिग्री अथवा एफएण्डबी सर्विस में डिप्लोमा, 12वीं पास, 10वीं पास, आईटीआई अथवा बीटेक, बीकॉम, नर्सिंग में डिप्लोमा आदि योग्यताओं वाले युवाओं का चयन किया जाएगा। अंग्रेजी भाषा में निपुण एवं उपरोक्त योग्यताधारी अनुभव प्राप्त युवाओं को विदेशों में जैसे कि दुबई, कतर, कुवैत, ओमान आदि के अलावा इंटरनेशनल क्रूज लाईनर्स पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जाएंगे।
इस अंतर्राष्ट्रीय रोजगार मेले में भाग लेने हेतु योग्य युवाओं को ऑनलाइन आवेदन देना अनिवार्य है। आवेदन प्राप्त युवाओं के लिए जिला स्तर पर रोजगार मेले से पूर्व काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया जाएगा तथा अनुभव प्राप्त विशेषज्ञों द्वारा उनकी काउंसलिंग की जाएगी। इस रोजगार मेले के माध्यम से रोजगार प्राप्त युवाओं को 4 अगस्त 2018 को आयोजित होनी वाली कौशल एवं रोजगार पंचायत में लेटर ऑफ इंटेंट वितरित किए जाएंगे।