होशंगाबाद :  कलेक्ट्रेट के रेवा सभा कक्ष में गत दिवस कलेक्टर प्रियंका दास की अध्यक्षता में स्वरोजगार सम्मेलन की तैयारी संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि 4 अगस्त को वृहद जिला स्तरीय स्वरोजगार सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक हितग्राहियों को ऋण वितरण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत प्रेषित, स्वीकृत एवं वितरित ऋण प्रकरणों की विभागवार तथा बैंकवार समीक्षा की।

               उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे बैंकों की शाखाओं में लक्ष्य से अधिक प्रकरण प्रेषित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करे कि बैंकों की सभी शाखाओं में प्रकरण भेजे जा रहे हैं। यदि बैंको से प्रकरण स्वीकृत कराने में समस्या हो रही है तो उनके जिला समन्वयकों से बात करें। कलेक्टर ने कहा कि कृषक उद्यमी योजना के संबंध में बैंक मैनेजर्स को बताए तथा इस योजना के अंतर्गत लक्ष्यों के अनुरूप ऋण स्वीकृत कराएं।

             उन्होंने बैंकों के जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे स्वयं भी अपने बैंको की शाखाओं में स्वरोजगार योजना की प्रगति की समीक्षा करें। जिन बैंकों में ऋण स्वीकृति हेतु प्रकरण क्षेत्रीय ऑफिस भेजना होता है वे इस कार्य को शाखा स्तर पर लंबित न रखें। कलेक्टर ने कहा कि 31 अगस्त को पुन: इस संबंध में बैठक कर ऋण प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। उन्होने जिला पंचायत एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा ऋण प्रकरणों की स्वीकृति के कार्य में की गई प्रगति पर असंतोष प्रकट किया।

            उन्होंने सभी विभागों को तत्परता से कार्य कर अधिक से अधिक ऋण प्रकरण स्वीकृत कराने के निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पीसी शर्मा, नाबार्ड के प्रबंधक नरेश तिजारे, संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।